प्रेस विज्ञप्ति 12 अगस्त गोरखपुर 13-14 अगस्त को दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी सत्याग्रह,
प्रेस विज्ञप्ति 12 अगस्त गोरखपुर 13-14 अगस्त को दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी सत्याग्रह, चरगांवा, बासगांव और उरुवा बाजार ब्लॉक पर ग्रामीणों का प्रदर्शन गोरखपुर, 12 अगस्त 2026। अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) के आह्वान पर ग्रामीण गरीबों, मजदूरों, किसानों और आम जनता की मांगों को लेकर 13-14 अगस्त 2026 को दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी सत्याग्रह आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में गोरखपुर जिले के चरगांवा, बासगांव और उरुवा बाजार ब्लॉक कार्यालयों पर ग्रामीणों द्वारा प्रदर्शन एवं सत्याग्रह किया जाएगा। खेग्रामस ने केंद्र और राज्य सरकार से ग्रामीण गरीबों के हित में तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है। संगठन की प्रमुख मांगों में विकसित भारत ग्राम जी के तहत वर्षभर काम और ₹729 दैनिक मजदूरी लागू करना, सभी ग्रामीण गरीबों को ₹6,000 मासिक पेंशन देना, गरीबों के बकाया बिजली बिल माफ कर 200 यूनिट मुफ्त बिजली देना तथा बिजली के निजीकरण और स्मार्ट मीटर पर रोक लगाना शामिल है। इसके साथ ही गरीबों को उजाड़ना बंद करने, भूमिहीनों को 5 डिसमिल जमीन और आवास की गारंटी देने, महिलाओं, गरीबों और किसानों का ₹2 लाख तक का कर्ज माफ करने तथा सभी गरीबों का नाम राशन कार्ड में दर्ज कर प्रति यूनिट 15 किलो राशन देने की मांग की गई है। संगठन ने स्कूलों को बंद एवं मर्ज करने पर रोक लगाकर स्नातक तक नि:शुल्क शिक्षा, बंद पड़े PHC-CHC एवं अस्पतालों को चालू करने और मुफ्त इलाज की गारंटी, जातीय, धार्मिक, लैंगिक एवं भाषाई भेदभाव पर रोक तथा सामाजिक न्याय की गारंटी की भी मांग उठाई है। साथ ही प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा, सम्मान एवं रोजगार की गारंटी के लिए कानून बनाने की मांग की गई है। खेग्रामस के नेतृत्व में 13 अगस्त को चरगांवा ब्लॉक, बासगांव ब्लॉक और उरुवा बाजार ब्लॉक पर ग्रामीणों का प्रदर्शन एवं सत्याग्रह आयोजित किया जाएगा। इन प्रदर्शनों के माध्यम से ग्रामीण गरीब अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाएंगे और संबंधित अधिकारियों के माध्यम से मांग-पत्र सौंपेंगे। विनोद भारद्वाज, जिला सचिव, अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा ने क्षेत्र के किसान-मजदूरों, ग्रामीण गरीबों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के ब्लॉक कार्यालय पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर राष्ट्रव्यापी सत्याग्रह को सफल बनाएं।