जयकारों से गूंजा घघसरा, भव्य निशान यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब

घघसरा, गोरखपुर। नगर पंचायत घघसरा रविवार को भक्ति और श्रद्धा के रंग में सराबोर हो उठा, जब श्री श्याम लाडले परिवार की ओर से भव्य निशान यात्रा निकाली गई। सुबह करीब 10 बजे श्री दुर्गा मंदिर से शुरू हुई यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। “जय श्री श्याम” के गगनभेदी जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो गया। निशान यात्रा श्री दुर्गा मंदिर से प्रारंभ होकर नगर पंचायत के प्रमुख मार्गों से होते हुए ठर्रापार अस्पताल तक पहुंची और फिर नगर भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर परिसर में आकर संपन्न हुई। यात्रा में बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और युवाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। श्रद्धालु पीले वस्त्र पहनकर हाथों में निशान और झंडा लिए भक्ति भाव से जयकारे लगाते हुए चल रहे थे, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बन गया। यात्रा के दौरान कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया, वहीं जगह-जगह प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और घघसरा व सहजनवां पुलिस के साथ पीएसी बल भी तैनात रहा। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभाकर दुबे, रविंद्र त्रिपाठी, मनीष कशौधन, रमेश प्रधान, लवकुश मिश्रा, रोशन, आलोक त्रिपाठी, राजन मिश्रा, दिलीप सैनी, आकाश पाण्डेय, कृष्ण मोहन विष्णु सिंह, आर्यन सिंह, रविंद्र अग्रहरी, रामबचन चौरसिया और प्रिन्स अग्रहरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।