गैस के लिए मची अफरा-तफरी, घंटों लाइन में खड़े रहने को उपभोक्ता मजबूर

रुद्रपुर में स्थित सुनीता गैस एजेंसी पर इन दिनों उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। गैस सिलेंडर लेने पहुंचे लोगों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है।लेकिन इसके बावजूद कई लोगों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। इससे उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी और आक्रोश देखा जा रहा है। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग एजेंसी के बाहर पहुंच जाते हैं। लेकिन गैस पर्ची काटने की धीमी व्यवस्था के कारण लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ता है। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग कराने में भी भारी दिक्कत हो रही है। फोन और ऑनलाइन बुकिंग में समस्या आने के कारण लोग सीधे एजेंसी पहुंच रहे हैं।जिससे भीड़ और अधिक बढ़ जा रही है। लाइन में लगे लोगों का आरोप है। कि कई बार घंटों इंतजार करने के बाद भी उन्हें खाली हाथ वापस लौटना पड़ता है। खासकर बुजुर्ग, महिलाएं और दूर-दराज गांवों से आने वाले उपभोक्ताओं को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। भीड़ और अव्यवस्था के कारण एजेंसी परिसर में कई बार कहासुनी की स्थिति भी बन जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि गैस वितरण व्यवस्था को जल्द ठीक नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी बिगड़ सकती है। उपभोक्ताओं ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मामले की जांच कर एजेंसी की व्यवस्था में सुधार कराया जाए। ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और उन्हें गैस के लिए घंटों भटकना न पड़े।