*डॉ नंदलाल कुशवाहा बने कार्यवाहक सीएमओ, डॉ राजेश झा ने सौंपा कार्यभार*

*डॉ नंदलाल कुशवाहा बने कार्यवाहक सीएमओ, डॉ राजेश झा ने सौंपा कार्यभार* राज्य क्षय रोग अधिकारी और पूर्व सीएमओ डॉ झा ने सभी सहयोगियों का जताया आभार *गोरखपुर।* राज्य क्षय रोग अधिकारी पद पर तैनाती के बाद गोरखपुर में सीएमओ रहे डॉ राजेश झा ने बुधवार को जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ नंदलाल कुशवाहा को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) पद का कार्यभार सौंप दिया। शासन से स्थायी तैनाती तक डॉ कुशवाहा ही गोरखपुर के सीएमओ बने रहेंगे। इससे पहले डॉ झा ने अपने कार्यकाल के डेढ़ वर्षों में सहयोग के लिए अपने सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने डॉ कुशवाहा को बुके देकर उनका स्वागत भी किया। डॉ राजेश झा ने अप्रैल 2025 में सीएमओ गोरखपुर का पदभार संभाला था। हाल ही में वह अपर निदेशक ग्रेड पर प्रोन्नत हुए थे। बीते सप्ताह उनके ग्रेड के मुताबिक शासन स्तर से उन्हें राज्य क्षय रोग अधिकारी पद पर तैनाती मिली है। अवकाश के बाद बुधवार को कार्यालय खुलने के बाद उन्होंने जिले में वरिष्ठतम अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ग्रेड श्रेणी में आने वाले जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ नंदलाल कुशवाहा को कार्यभार सौंप दिया। इस अवसर पर डॉ राजेश झा ने कहा कि जिले में उनके स्तर से जो भी नवाचार हो सके, उसमें उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। उन्होंने एम्स गोरखपुर, बीआरडी मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, सभी एसीएमओ, डिप्टी सीएमओ, एनएचएम के सभी कर्मियों और सभी ब्लॉक स्तरीय चिकित्सा इकाइयों के प्रति सहयोग के लिए आभार जताया। डॉ झा ने मिनिस्ट्रीयल स्टाफ और सहयोगी संस्थाओं सहित सभी वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति भी आभार जताया। डॉ राजेश झा ने अपने डेढ़ वर्षों के कार्यकाल में पिंक कार्ड, सैम्पल ट्रांसपोर्ट, डेंगू मुक्त हास्टल, मातृ सेवा, ई आरोग्य पाठशाला और टीम इलेवन जैसे कई अभिनव प्रयोगों से स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया। मातृ मृत्यु को नियंत्रित करने और सी-सेक्शन डिलेवरी को सुदृढ़ करने में डॉ झा की अहम भूमिका रही। उनके नेतृत्व में प्रदेश का पहला सिटी पाली क्लिनिक गोरखपुर के बसंतपुर शहरी स्वास्थ्य केंद्र पर खोला गया।