गोला में मोबाइल दुकान चोरी का खुलासा, चंद घंटों में 5 आरोपी

गोला में मोबाइल दुकान चोरी का खुलासा, चंद घंटों में 5 आरोपी गिरफ्तार। मदरिया । ----------- 14 नए एंड्रॉयड फोन, 2 कीपैड मोबाइल व 1.40 लाख नकद बरामद..... बीते रविवार तड़के गोला क्षेत्र में हुई मोबाइल दुकान चोरी की घटना का पुलिस ने महज चंद घंटों में खुलासा करते हुए 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। थाना गोला पुलिस ने एसओजी, सर्विलांस व एंटीथेफ्ट सेल की संयुक्त टीम के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 14 नए एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 2 कीपैड मोबाइल, 1,40,000 रुपये नकद, 3 अन्य उपयोग किए गए मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त लोहे की छड़ बरामद की है। जानकारी के अनुसार, रविवार की तड़के करीब 3 बजे अज्ञात चोरों ने एक मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर मोबाइल और नकदी चोरी कर ली थी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना गोला में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान प्रकाश में आए अभियुक्त सरजीत सिंह उर्फ काका, मलकीत सिंह, देवेन्दर कौर, सरबजीत तथा जगजीत सिंह उर्फ अमन रानी (ट्रांसजेंडर) को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी पंजाब के विभिन्न जनपदों के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है और आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस पूरे मामले के खुलासे में थाना गोला पुलिस, एसओजी, सर्विलांस व एंटीथेफ्ट सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।