सिंहोरवा में नदी का जलस्तर बढ़ा, विधायक ने संभाला मोर्चा बोट से किया निरीक्षण

चौरी चौरा गोरखपुर।विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिंहोरवा में नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से ग्रामीणों के सामने आवागमन की समस्या खड़ी हो गई है। पानी बढ़ने से प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही मुश्किल हो रही है। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए गुरुवार को क्षेत्रीय विधायक ई. सरवन निषाद ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान विधायक ने मौके पर स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। सबसे अधिक चिंता स्कूली बच्चों के आवागमन को लेकर सामने आई। पानी बढ़ने के कारण बच्चों को विद्यालय आने-जाने में परेशानी हो रही थी। इसे गंभीरता से लेते हुए बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो और वे सुरक्षित तरीके से स्कूल आ-जा सकें, इसके लिए इलेक्ट्रिक मोटर नाव उपलब्ध कराई गई।नाव की सुविधा मिलने से स्कूली बच्चों के साथ ही ग्रामीणों को भी आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जाए और प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जलस्तर में और बढ़ोतरी होने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं। प्रभावित परिवारों की स्थिति पर भी नजर रखी जाए और जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।विधायक ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से जलस्तर की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि संबंधित टीमें क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीणों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो और बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।नदी का पानी बढ़ने से सिंहोरवा क्षेत्र में जहां ग्रामीणों की चिंता बढ़ी है, वहीं इलेक्ट्रिक मोटर नाव उपलब्ध होने से स्कूली बच्चों और ग्रामीणों के आवागमन को बड़ी राहत मिली है। इस दौरान तहसीलदार संजय सिंह, एई दीन बंधु गुप्ता, ओमप्रकाश धर द्विवेदी, रामप्रीत यादव, राजकुमार गुप्ता, आलोक पटवा, सुग्रीव तिवारी,संदीप मिश्रा, रामप्रीत निषाद, सहित तमाम लोग मौजूद रहें।