Bansgaon Sandesh
Login
T
Lucknowलगभग २ घंटे पहले

यूपी: खराब बिजली आपूर्ति और टकराव पड़े भारी, ऊर्जा विभाग से हटाए

यूपी: खराब बिजली आपूर्ति और टकराव पड़े भारी, ऊर्जा विभाग से हटाए

यूपी: खराब बिजली आपूर्ति और टकराव पड़े भारी, ऊर्जा विभाग से हटाए गए IAS आशीष गोयल उत्तर प्रदेश में खराब बिजली व्यवस्था और लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष और ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. आशीष गोयल को ऊर्जा विभाग से हटाकर श्रम एवं सेवायोजन विभाग में भेज दिया गया है। *क्यों हटाए गए आशीष गोयल?* बिजली आपूर्ति की खस्ताहाल व्यवस्था, अभियंताओं की लामबंदी और विभाग में दलित-पिछड़े वर्ग के उत्पीड़न के आरोपों ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी थीं। बताया जा रहा है कि हाल ही में कई कर्मचारियों के तबादले के बाद उन्हें गुपचुप तरीके से मनचाही जगहों पर समायोजित कर दिया गया, जिसकी शिकायत मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंची। इसी बीच प्रदेश की बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई और एक साथ 13 उत्पादन इकाइयां ठप हो गईं। लगभग 8 लाख कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करने वाली 'आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति' ने भी उत्पीड़न के 20 मामलों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को ज्ञापन सौंपा था। *ऊर्जा मंत्री से लगातार टकराव* इससे पहले भी ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा कई बार डॉ. आशीष गोयल के खिलाफ मुखर रहे और उन पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने तक के आरोप लगाए, लेकिन इसके बावजूद डॉ. गोयल न केवल पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष पद पर डटे रहे, बल्कि उन्हें ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दे दी गई थी। *अब किसे मिली कमान?* रविवार को जारी स्थानांतरण सूची में ऊर्जा विभाग की कमान रणवीर प्रसाद को सौंपी गई है, जो इससे पहले पावर जनरेशन कॉर्पोरेशन (विद्युत उत्पादन निगम) में प्रबंध निदेशक के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। *अन्य बड़े फेरबदल* प्रदेश सरकार ने कुल 10 वरिष्ठ IAS अफसरों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। खराब बिजली आपूर्ति के साथ-साथ मेडिकल कॉलेजों को लेकर उपजे विवाद की गाज अमित कुमार घोष पर भी गिरी है। दिसंबर में सेवानिवृत्त हो रहे घोष को अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य से हटाकर उच्च शिक्षा विभाग भेजा गया है। वहीं वी हेकाली झिमोमी को प्रमुख सचिव वन एवं पर्यावरण से प्रमुख सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महेंद्र प्रसाद अग्रवाल को उच्च शिक्षा से वन एवं पर्यावरण, अनिल कुमार को पंचायती राज से खाद्य एवं रसद विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। बताया जा रहा है कि अनिल कुमार की अपने मंत्री ओम प्रकाश राजभर से नहीं बन रही थी और उन्होंने खुद भी विभाग से हटने की इच्छा जताई थी।

0 likes
0 comments0 shares