साजिश के तहत दर्ज कराया गया मुकदमा-विनय शंकर

बड़हलगंज। शिलापट्ट विवाद पर पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पत्रकारों को बताया कि मेरे ऊपर जो मुकदमा दर्ज कराया गया है, वह एक साजिश के तहत किया गया है। चेयरमैन पति लंबे समय से अपने लिए गनर की मांग कर रहे थे, पुलिस प्रशासन ने पाया कि उन्हें इसकी कोई जरूरत नहीं है तो इन्होंने इस शिलापट्ट विवाद के 48 घंटे बाद किसी से गुरुमंत्र लेकर मेरे ऊपर झूठा व साजिशन मुकदमा दर्ज कराकर जान का खतरा बताकर पुलिस प्रशासन को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने नगर पंचायत पर यह भी आरोप लगाया कि झूठे विकास के नाम पर शासन के धन को लूटा जा रहा है। पार्क व रैन बसेरे के साथ ही विभिन्न सार्वजानिक स्थलों का दुरुप्रयोग कर व्यवसायीकरण किया जा रहा है। कहा कि इसके पूर्व भी मेरे पिता स्व० हरिशंकर तिवारी जी के द्वारा कराए गए विकास कार्यों का शिलापट्ट हटाकर अपना शिलापट्ट लगवाया गया है। नगर पंचायत को जल आपूर्ति के लिए कालेज की जमीन पर टंकी लगवाने का काम भी मेरे पिता पूर्व मंत्री हरिशंकर तिवारी ने ही करवाया था, जिसको आज नगर पंचायत का कार्यालय बना दिया गया है, इसके अतिरिक्त पूर्व जनप्रतिनिधियों द्वारा कराए गए विभिन्न विकास कार्यों के शिलापट्ट के साथ भी छेड़छाड़ किया गया। पूर्व विधायक श्री तिवारी ने कहा कि चिल्लूपार में पिछले 9 वर्ष के मेरे राजनीतिक जीवन में कभी किसी के साथ कोई तू तू, मै मै तक नहीं हुआ है। चेयरमैन पति ने खुद मुझे उकसाने का काम किया जबकि मैं उनकी गलती बता रहा था।