स्वामी ब्रह्मानंद पुरस्कार-2026 की घोषणा, शिक्षा क्षेत्र में उत्तम टेरोन होंगे सम्मानित

राठ, हमीरपुर। स्वामी ब्रह्मानंद पुरस्कार समिति ने वर्ष 2026 के पुरस्कार की घोषणा कर दी है। इस वर्ष शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए असम की पारिजात अकादमी के संस्थापक उत्तम टेरोन को स्वामी ब्रह्मानंद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। समिति के अनुसार पुरस्कार 13 सितंबर को स्वामी ब्रह्मानंद जी के निर्वाण दिवस के अवसर पर प्रदान किया जाएगा। वर्ष 2003 में पामोही में महज चार विद्यार्थियों के साथ शुरू हुई पारिजात अकादमी आज वंचित और जरूरतमंद बच्चों के लिए शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुकी है। अकादमी प्रतिवर्ष करीब 500 सामाजिक एवं आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को निःशुल्क शिक्षा, आवास, भोजन, स्वास्थ्य सुविधाएं और जीवन कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराती है। अब तक करीब तीन हजार बच्चे इसका लाभ उठा चुके हैं। संस्था से जुड़े अधिकांश बच्चे गरभंगा आरक्षित वन क्षेत्र के दूरस्थ गांवों से आते हैं। शिक्षा की पहुंच बढ़ाने के लिए उत्तम टेरोन ने बालवाड़ी और प्राथमिक विद्यालय भी स्थापित किए हैं। पुरस्कार के तहत उन्हें सनद, 10 हजार रुपये नकद, स्वामी ब्रह्मानंद जी की कांस्य प्रतिमा, कांस्य पदक और अंगवस्त्र प्रदान किया जाएगा।