डोभियारा में भागवत कथा की अमृतवर्षा,श्रद्धा के सैलाब में सराबोर हुए श्रद्धालु
डोभियारा में भागवत कथा की अमृतवर्षा,श्रद्धा के सैलाब में सराबोर हुए श्रद्धालु साध्वी मंगला देवी के प्रवचनों से गूंज रहा श्रीकृष्ण भक्ति का संदेश सुल्तानपुर। श्रीमद्भागवत की अमृतवाणी,भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था से बल्दीराय तहसील क्षेत्र अंतर्गत डोभियारा गांव का वातावरण भक्तिमय हो उठा है। नव दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव में श्रद्धालुओं की भागीदारी देखने को मिल रही है। साध्वी मंगला देवी के ओजस्वी प्रवचनों से कथा पंडाल में भक्ति और आध्यात्मिक चेतना की अविरल धारा बह रही है।बल्दीराय तहसील क्षेत्र के डोभियारा गांव में 18 अक्टूबर तक आयोजित इस धार्मिक महोत्सव की अगुवाई डालिम्स सनबीम स्कूल डोभियारा के प्रबंधक एवं समाजसेवी मनोज सिंह ‘निर्मल’ कर रहे हैं।आयोजन को सफल बनाने में उनके छोटे भाई जितेंद्र सिंह और आशु सिंह भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।तीनों भाइयों के सामूहिक प्रयास से आयोजित यह धार्मिक अनुष्ठान क्षेत्र में श्रद्धा और सामाजिक सहभागिता का केंद्र बना हुआ है।कथा के तीसरे दिन साध्वी मंगला देवी ने श्रीमद्भागवत के प्रसंगों और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति की महिमा से परिचित कराया। उनके प्रवचनों में प्रेम,करुणा,सत्य,सदाचार,सेवा और परोपकार जैसे जीवन मूल्यों का संदेश दिया जा रहा है।प्रतिदिन शाम सात बजे से रात दस बजे तक कथा का आयोजन हो रहा है।कथा पंडाल में पहुंच रहे श्रद्धालु एकाग्रचित्त होकर प्रवचन सुन रहे हैं। धार्मिक प्रसंगों के माध्यम से लोगों को जीवन में सद्कर्म अपनाने, दूसरों की सहायता करने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा मिल रही है। आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं।डालिम्स सनबीम स्कूल के प्रबंधक एवं समाजसेवी मनोज सिंह ‘निर्मल’ की अगुवाई में आयोजित यह महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ पारिवारिक एकजुटता और सामाजिक सहयोग का संदेश भी दे रहा है। उनके छोटे भाई जितेंद्र सिंह और आशु सिंह आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं। आयोजन के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्रीमद्भागवत कथा 18 अक्टूबर तक चलेगी। इसके बाद 20 अक्टूबर को शाम पांच बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसमें श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।