त्योहारों को लेकर अलर्ट एसपी सिटी निमिष पाटील, घुड़सवार पुलिस के साथ

त्योहारों को लेकर अलर्ट एसपी सिटी निमिष पाटील, घुड़सवार पुलिस के साथ गोलघर से घंटाघर तक की गश्त बेतियाहाता, नखास और बक्शीपुर में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्कता बढ़ाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दिए निर्देश गोरखपुर। आगामी त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने और शहर में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए गोरखपुर पुलिस सतर्क हो गई है। इसी क्रम में एसपी सिटी निमिष पाटील ने गुरुवार को कैंट, कोतवाली और राजघाट थाना क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में घुड़सवार पुलिस के साथ गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को त्योहारों के दौरान सतर्कता बनाए रखने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसपी सिटी निमिष पाटील ने गोलघर रोड, बेतियाहाता, घंटाघर, नखास और बक्शीपुर सहित प्रमुख क्षेत्रों में भ्रमण किया। इन इलाकों में त्योहारों के दौरान बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ने और भीड़भाड़ की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। घुड़सवार पुलिस के साथ गश्त कर पुलिस ने प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर अपनी सक्रिय मौजूदगी का संदेश दिया। गश्त के दौरान एसपी सिटी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में नियमित गश्त जारी रखें और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतें। बाजारों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बनाए रखने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाए। किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने पर भी जोर दिया। गश्त के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी कैंट अरुणकुमार एस, क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी सहित अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।