*सरयू नदी का जलस्तर बढ़ेगा या घटेगा? कमरियाघाट के ग्रामीणों में बढ़ी

*सरयू नदी का जलस्तर बढ़ेगा या घटेगा? कमरियाघाट के ग्रामीणों में बढ़ी चिंता।* सिकरीगंज/बेलघाट (गोरखपुर)। नेपाल में 26 अगस्त 2026 को आई विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन के बाद उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। नेपाल-तिब्बत सीमा के पास ग्लेशियर टूटने और भारी भूस्खलन के कारण रसुवा और नुवाकोट जिलों में भीषण फ्लैश फ्लड आई, जिसमें सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है और राहत-बचाव कार्य अभी भी जारी हैं। नेपाल की इस आपदा को देखते हुए उत्तर प्रदेश के चार जिलों में बाढ़ की आशंका को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इसी बीच गोरखपुर जिले के बेलघाट क्षेत्र स्थित कमरियाघाट पर मां सरयू नदी के जलस्तर को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई है। कमरियाघाट पर मौजूद नरगड़ा के स्थानीय निवासी नामवर सिंह ने बताया कि करीब सात दिन पहले सरयू का जलस्तर काफी बढ़ गया था, लेकिन अब पानी पहले की तुलना में घट चुका है। वहीं नरगड़ा के दूसरे ग्रामीण श्रीराम का कहना है कि नदी का जलस्तर धीरे-धीरे फिर बढ़ रहा है, जिससे तटवर्ती गांवों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोग लगातार नदी के जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन भी हालात पर निगरानी रखे हुए है और लोगों से नदी किनारे अनावश्यक आवाजाही से बचने तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तुरंत सूचना देने की अपील की गई है।