प्रेस विज्ञप्ति 13 अगस्त 2026 | गोरखपुर आशा वर्कर्स ने जिलाधिकारी कार्यालय
प्रेस विज्ञप्ति 13 अगस्त 2026 | गोरखपुर आशा वर्कर्स ने जिलाधिकारी कार्यालय पर किया प्रदर्शन, तीन ब्लॉकों पर खेग्रामस का सत्याग्रह; शहरी गरीब मोर्चा ने नगर निगम पर सौंपा ज्ञापन गोरखपुर, 13 अगस्त 2026। अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर आज गोरखपुर जिले के तीन प्रमुख ब्लॉकों—चरगांवा, उरुवा बाजार और बासगांव—में ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और किसानों के सवालों को लेकर सत्याग्रह एवं प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति महोदया को संबोधित ज्ञापन संबंधित अधिकारियों के माध्यम से सौंपा गया। चरगांवा ब्लॉक पर प्रदर्शन: चरगांवा ब्लॉक पर अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के राज्य सचिव राजेश साहनी के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ। इसमें जिला सचिव विनोद भारद्वाज तथा भाकपा-माले की राज्य कमेटी सदस्य मनोरमा चौहान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मजदूर शामिल हुए। राज्य सचिव राजेश साहनी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें ग्रामीण गरीबों, खेत मजदूरों और मनरेगा मजदूरों के साथ लगातार अन्याय कर रही हैं। रोजगार के अवसर घट रहे हैं, मजदूरी बेहद कम है और गरीबों को जमीन, आवास, बिजली तथा सामाजिक सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण गरीबों को सालभर रोजगार, सम्मानजनक मजदूरी और सामाजिक सुरक्षा की गारंटी दे तथा भूमिहीन गरीबों को जमीन और आवास उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि गरीबों के अधिकारों में कटौती और रोजगार के अवसरों पर हमला किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खेग्रामस इन सवालों को लेकर गांव-गांव संघर्ष को और तेज करेगा। जिला सचिव खेग्रामस विनोद भारद्वाज ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब मजदूरों को आज भी रोजगार के लिए भटकना पड़ रहा है। मनरेगा में पर्याप्त काम नहीं मिल रहा है और मजदूरी का भुगतान भी समय से नहीं होता। उन्होंने कहा कि सरकार को ग्रामीण मजदूरों के लिए वर्षभर रोजगार सुनिश्चित करना चाहिए तथा मजदूरी बढ़ाकर कम से कम ₹729 प्रतिदिन करनी चाहिए। उन्होंने भूमिहीन परिवारों को 5 डिसमिल जमीन, पक्का आवास, 200 यूनिट मुफ्त बिजली और ₹6,000 मासिक पेंशन देने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन मांगों को लेकर खेग्रामस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा। उरुवा बाजार ब्लॉक पर प्रदर्शन: उरुवा बाजार ब्लॉक पर खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के जिला अध्यक्ष श्यामाचरण तथा भाकपा-माले जिला कमेटी सदस्य विश्वनाथ के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति महोदया को संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी के माध्यम से सौंपा। बासगांव ब्लॉक में सत्याग्रह: बासगांव ब्लॉक परिसर में भी खेग्रामस के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर सत्याग्रह एवं प्रदर्शन किया गया। सत्याग्रह के बाद खंड विकास अधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति महोदया को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। सत्याग्रह को संबोधित करते हुए भाकपा-माले के जिला सचिव राकेश सिंह ने कहा कि बासगांव ब्लॉक को उत्तर भारत में नंबर एक बनने पर बधाई दी जा रही है, लेकिन यह सवाल भी उठना चाहिए कि आखिर गांवों में कितना विकास हुआ है। आज भी ग्रामीण जनता नाली, रास्ता, आवास योजना, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है। सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंद गरीबों तक नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास का दावा तभी सार्थक होगा, जब गांव के गरीब, मजदूर और किसान की जिंदगी में वास्तविक बदलाव दिखाई दे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण गरीबों को रोजगार, सम्मानजनक मजदूरी, जमीन और आवास का अधिकार मिलना चाहिए। सरकार को वर्षभर रोजगार, ₹729 दैनिक मजदूरी, ₹6,000 मासिक पेंशन, 200 यूनिट मुफ्त बिजली, गरीबों के बकाया बिजली बिल की माफी तथा भूमिहीनों को 5 डिसमिल जमीन और आवास की गारंटी सुनिश्चित करनी चाहिए।इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से कॉम,श्याम चरण जिला अध्यक्ष खेग्रामस बिशुनदेव उरुवा ब्लॉक में नेतृत्व कर रहे थे ।और जिले में मुख्यरूप से लालचंद यादव, जैनुल, सुभाष चंद्रा गुप्ता, नंदू प्रसाद, दिन दयाल यादव संयोजक शहरी गरीब मोर्चा, विक्रम, रमेश सिंह, अजय कुमार निषाद, भगवानी, रामदरश, आशा वर्कर्स का जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन इसी क्रम में उत्तर प्रदेश आशा वर्कर यूनियन के नेतृत्व में आशा वर्कर्स ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। आशा कार्यकर्ताओं ने 9 फरवरी को हुई राज्य सरकार से वार्ता तत्काल शुरू करने, जिले की आशाओं का रुका हुआ भुगतान करने, मानदेय बढ़ाने तथा आशा कार्यकर्ताओं को राज्य कर्मचारी का दर्जा देने सहित विभिन्न मांगों के समाधान की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व मीनू प्रजापति, अर्चना शुक्ला, प्रमेशीला, नीतू चौहान और किरण निषाद ने किया। शहरी गरीब मोर्चा ने नगर निगम पर किया प्रदर्शन वहीं शहरी गरीब मोर्चा के बैनर तले जिला संयोजक दीनदयाल यादव, शहरी मोर्चा के नेता श्रीधामा भारती तथा भाकपा-माले नेता नंदू प्रसाद के नेतृत्व में नगर निगम कार्यालय पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर शहरी गरीबों की प्रमुख समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित कराया। नेताओं ने कहा कि ग्रामीण मजदूरों, आशा कार्यकर्ताओं और शहरी गरीबों के सवालों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। सरकार को रोजगार, मजदूरी, आवास, बिजली, जमीन, सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन से जुड़े सवालों पर तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए। मांगों का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक करने की चेतावनी दी गई। जारीकर्ता: राकेश सिंह जिला सचिव, भाकपा-माले गोरखपुर