Bansgaon Sandesh
Login
Nitish Kumar
Gorakhpurलगभग १ घंटा पहले

बांसगांव में 24 घंटे की नो-एंट्री से व्यापार प्रभावित, प्रशासन तत्काल करे समाधान : पूर्व जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र सिंह

बांसगांव में 24 घंटे की नो-एंट्री से व्यापार प्रभावित, प्रशासन तत्काल करे समाधान : पूर्व जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र सिंह

बांसगांव, बांसगांव संदेश। बांसगांव क्षेत्र में लागू 24 घंटे की नो-एंट्री व्यवस्था को लेकर स्थानीय व्यापारियों और आमजन में भारी नाराजगी व्याप्त है। इस मुद्दे को उठाते हुए पूर्व जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र सिंह ने प्रशासन से तत्काल व्यवस्था में सुधार की मांग की है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र सिंह ने कहा कि बांसगांव के व्यापारियों का सामान लेकर आने वाले ट्रकों को कौड़ीराम-बांसगांव मार्ग पर चवरिया मिल के पास तथा खजनी मार्ग पर रोका जा रहा है। उन्होंने बताया कि बांसगांव के लिए वैध परमिट होने के बावजूद मालवाहक वाहनों को क्षेत्र में प्रवेश नहीं दिया जा रहा, जिससे व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रक चालकों से कहा जा रहा है कि यदि बांसगांव में माल उतारना है तो एक दिन पहले थाना गगहा से प्रमाण पत्र बनवाकर जमा करना होगा। ऐसे में व्यापारी अपने दुकानों और गोदामों तक आवश्यक सामग्री कैसे पहुंचाएं, यह एक बड़ा सवाल बन गया है। जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रशासन द्वारा 24 घंटे के लिए नो-एंट्री लागू कर दी गई है, लेकिन इसके संबंध में व्यापारियों को कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं दिया गया है। इससे न केवल व्यापारी बल्कि आमजन भी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के जिले में व्यापारियों और आम नागरिकों को इस तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र के व्यापारी अपनी समस्याओं को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क करना चाहते हैं, लेकिन कई अधिकारियों द्वारा फोन तक रिसीव नहीं किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बांसगांव और आसपास के क्षेत्रों के व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान निकाला जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो व्यापारी वर्ग अपनी शिकायत मुख्यमंत्री के जनता दरबार तक ले जाने के लिए बाध्य होगा। रिपोर्ट : नितिश कुमार एडवोकेट, बांसगांव संदेश

0 likes
0 comments0 shares