Bansgaon Sandesh
Login
T
Lucknowलगभग १ घंटा पहले

महिला दिवस पर सूरजकुंड पोखरा में चला विशाल स्वच्छता महाअभियान नगर आयुक्त

महिला दिवस पर सूरजकुंड पोखरा में चला विशाल स्वच्छता महाअभियान नगर आयुक्त

महिला दिवस पर सूरजकुंड पोखरा में चला विशाल स्वच्छता महाअभियान नगर आयुक्त समेत पार्षदों व 230 से अधिक लोगों ने किया श्रमदान, 160 किलो सिंगल यूज़ प्लास्टिक एकत्र* गोरखपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नगर निगम गोरखपुर द्वारा “स्वच्छता की नई पहल – बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ” थीम के अंतर्गत सूरजकुंड पोखरा प्रांगण में एक विशाल स्वच्छता महाअभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में नगर निगम अधिकारियों, पार्षदों, महिलाओं, विद्यार्थियों और समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों को और मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल स्वयं मैदान में उतरे और झाड़ू व फावड़ा लेकर सफाई कार्य में हिस्सा लिया। उनके साथ क्षेत्र के पार्षद अमीरुद्दीन (सूरजकुंड), बृजेश सिंह छोटू, राजा यादव, मनोज निषाद, श्रवण पटेल, जयंत निषाद, जुबेर अहमद, अभिषेक पासवान, मोहन सिंह और ऋषि मोहन ने भी श्रमदान करते हुए सफाई अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया। महिला दिवस के अवसर पर इस अभियान की विशेषता यह रही कि बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। जोनल अधिकारी सुश्री अनुष्का सिंह के नेतृत्व में महिलाओं की एक बड़ी टीम ने सूरजकुंड पोखरे के चारों ओर व्यापक सफाई अभियान चलाया। महिलाओं ने पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ सफाई कार्य करते हुए यह संदेश दिया कि स्वच्छता अभियान में महिला शक्ति की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। इस दौरान स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कई गतिविधियां भी आयोजित की गईं। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को साफ-सफाई के महत्व और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। उपस्थित लोगों को बताया गया कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करे। अभियान में डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। इसके अलावा नगर निगम की टीम और विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं (एनजीओ) के सदस्य भी अभियान में शामिल हुए। कुल मिलाकर 230 से अधिक लोगों ने इस महाअभियान में श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, प्रमोद कुमार और अतुल कुमार के पर्यवेक्षण में अभियान को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया गया। नगर निगम की टीम ने कुछ ही घंटों में पूरे सूरजकुंड परिसर की सफाई कर उसे कचरा मुक्त बना दिया। सफाई के दौरान लगभग 160 किलोग्राम सिंगल यूज़ प्लास्टिक एकत्रित किया गया, जिसे वैज्ञानिक निस्तारण के लिए तुरंत एमआरएफ सेंटर भेज दिया गया। अभियान के दौरान 'अपना टीवी' से अनुराग सुमन भी मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने अभियान में शामिल लोगों का उत्साहवर्धन किया। वहीं स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर निशा किन्नर ने भी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और महिला शक्ति को आगे बढ़कर ऐसे अभियानों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि स्वच्छता अभियान तभी सफल होगा जब इसमें आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि गोरखपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है और इसमें नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि मातृशक्ति, युवाओं और आम नागरिकों के सहयोग से गोरखपुर आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण में देश के अग्रणी शहरों में स्थान प्राप्त करेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और सिंगल यूज़ प्लास्टिक के प्रयोग से बचें। अभियान के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करने की बात कही। नगर निगम के इस प्रयास को उपस्थित लोगों ने सराहा और इसे शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

0 likes
0 comments0 shares