Bansgaon Sandesh
Login
रिपोर्टर राहुल कुमार सिंह
Sultanpurलगभग २ घंटे पहले

सुल्तानपुर। शहर के हथियानाला श्मशान घाट पर प्रदेश के पहले सरकारी विद्युत

सुल्तानपुर। शहर के हथियानाला श्मशान घाट पर प्रदेश के पहले सरकारी विद्युत शवदाह केंद्र की आधारशिला रख दी गई। बुधवार को शहर विधायक एवं पूर्व मंत्री विनोद सिंह ने भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी के साथ विधिवत भूमि पूजन कर करीब तीन करोड़ रुपये की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शुभारंभ किया।भूमि पूजन के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विनोद सिंह ने कहा कि वर्षों पहले उनके मन में यह विचार आया था कि सुल्तानपुर में भी आधुनिक विद्युत शवदाह गृह की सुविधा होनी चाहिए, जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को अंतिम संस्कार के दौरान आर्थिक और सामाजिक राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि लगातार प्रयासों के बाद यह सपना अब साकार होने जा रहा है।विधायक ने कहा कि प्रदेश में कई स्थानों पर निजी संस्थाओं और गैर सरकारी संगठनों द्वारा विद्युत शवदाह गृह संचालित किए जा रहे हैं, लेकिन सुल्तानपुर में बनने वाला यह पहला सरकारी विद्युत शवदाह केंद्र होगा। इसके निर्माण से अंतिम संस्कार की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक, पर्यावरण अनुकूल और कम खर्चीली होगी।उन्होंने इस परियोजना के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नगर विकास मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि सरकार जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के पास संसाधनों का अभाव है, उनके लिए यह केंद्र बड़ी राहत साबित होगा।कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, वरिष्ठ समाजसेवी करतार केशव यादव, प्रीति प्रकाश सिंह, रचना अग्रवाल, नगर अध्यक्ष रीना जायसवाल, चंदन नारायण सिंह, नंदन चतुर्वेदी, अयोध्या वर्मा, संदीप गुप्ता, गिरीश मिश्रा, अखिलेश तिवारी, मदन सोनकर, बलदेव सिंह, मनीष जायसवाल समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

0 likes
0 comments0 shares