सरयू तट पर छठ महापर्व की धूम, अस्ताचलगामी सूर्य को व्रतियों ने दिया अर्घ्य

बड़हलगंज। छठ महापर्व के अवसर पर रविवार को बड़हलगंज क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मां सरयू के पावन तट पर स्थित लेटा घाट, रामकवल शाही घाट, पक्का घाट और शिवाला घाट सहित अन्य घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। व्रती महिलाओं ने भगवान सूर्य और छठी मईया से संतान की दीर्घायु, परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। नरहरपुर घाट पर आलोक गुप्ता ने परिवार संग की पूजा-अर्चना वहीं नरहरपुर स्थित सरयू नदी के तट पर मानव शिक्षा सेवा संस्थान के प्रबंधक एवं वार्ड नंबर 46 के जिला पंचायत सदस्य आलोक गुप्ता ने अपनी पत्नी एवं भाजपा नेत्री पूनम गुप्ता तथा परिवार के सदस्यों के साथ छठी मईया की पूजा-अर्चना की। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं और क्षेत्रवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आलोक गुप्ता ने स्टीमर के माध्यम से नदी क्षेत्र का भ्रमण किया और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। पूरे क्षेत्र में छठ गीतों और भक्ति के माहौल से घाट गुलजार रहे। पारंपरिक वेशभूषा में सजी व्रती महिलाओं ने अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देकर लोक आस्था के इस महापर्व की संध्या पूजा संपन्न की।