उपजिलाधिकारी अतुल कुमार की अध्यक्षता में भुड़कुडा कोतवाली में आयोजित हुआ समाधान

उपजिलाधिकारी अतुल कुमार की अध्यक्षता में भुड़कुडा कोतवाली में आयोजित हुआ समाधान दिवस, दो लंबित मामलों का हुआ निस्तारण जखनियां (गाजीपुर)। तहसील जखनियां अंतर्गत कोतवाली भुड़कुडा परिसर में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन उपजिलाधिकारी अतुल कुमार की अध्यक्षता में किया गया। समाधान दिवस में क्षेत्र के फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। प्राप्त शिकायतों में अधिकांश भूमि, पैमाइश, कब्जा एवं अन्य राजस्व संबंधी विवाद शामिल रहे।समाधान दिवस के दौरान कुल 20 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए और सभी शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित पाई गईं। अधिकारियों ने संबंधित राजस्व कर्मियों को शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इसके अलावा, पूर्व से लंबित मामलों की समीक्षा भी की गई। समीक्षा के दौरान एक पुलिस कार्रवाई से संबंधित तथा एक राजस्व विभाग से संबंधित कुल दो लंबित प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।उपजिलाधिकारी अतुल कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं न्यायसंगत समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरतने तथा मौके पर जाकर जांच कर वास्तविक स्थिति के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।इस अवसर पर कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र पाण्डेय, राजस्व विभाग की टीम तथा कोतवाली भुड़कुडा पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।