*छत पर सो रहे परिवारजन, चोर लाखों के जेवरात और नकदी
*छत पर सो रहे थे परिवारजन, चोर लाखों के जेवरात और नकदी ले उड़े* देवरिया, संवाददाता। गौरीबाजार थाना क्षेत्र के पिपराधनी गांव में शनिवार रात अज्ञात चोरों ने एक घर में सेंध लगाकर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी कर ली। घटना के समय परिवार के सदस्य गर्मी के कारण मकान की छत पर सो रहे थे। गांव निवासी लालबहादुर मौर्य के अनुसार, शनिवार रात भोजन करने के बाद परिवार के सभी सदस्य छत पर सोने चले गए थे। इसी दौरान चोरों ने मुख्य द्वार पर लगे लोहे के चैनल का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने घर के दो कमरों के ताले भी तोड़ दिए और पांच बक्से तथा एक वीआईपी बैग उठाकर घर से लगभग 200 मीटर दूर खेत में ले गए। रविवार सुबह जब परिवार के सदस्य नीचे आए तो मुख्य द्वार और कमरों के टूटे ताले देखकर हैरान रह गए। खोजबीन करने पर खेत में बिखरा सामान मिला। वहां पांचों बक्सों के टूटे हुए ताले पड़े थे, जबकि उनमें रखे जेवरात और अन्य कीमती सामान गायब थे। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी को भी तोड़कर खंगाल डाला था। पीड़ित परिवार के अनुसार, दुर्गेश मौर्य की पत्नी के दो सोने की चेन, टीका, नथिया, झुमका, टॉप्स, दो मंगलसूत्र, दो सिकड़ी, दो अंगूठियां, पाजेब सहित अन्य कीमती आभूषण चोरी हो गए हैं। इसके अलावा लगभग 50 हजार रुपये नकद भी गायब बताए गए हैं। परिवार का कहना है कि बाहर रहने वाले अन्य सदस्यों के लौटने के बाद ही चोरी हुए सामान का सही आकलन हो सकेगा। घटना की सूचना मिलने पर गौरीबाजार पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है तथा चोरों की तलाश में जुटी हुई है।