Bansgaon Sandesh
Login
S
Gorakhpurलगभग १५ घंटे पहले

फोरलेन निर्माण की बड़ी चूक, जल निकासी बंद होने से 25 एकड़

फोरलेन निर्माण की बड़ी चूक, जल निकासी बंद होने से 25 एकड़

फोरलेन निर्माण की बड़ी चूक, जल निकासी बंद होने से 25 एकड़ फसल जलमग्न, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी -डुमरी और मेहदिया मोहल्लों में जलभराव से बढ़ा संकट, निजी विद्यालय व यूको बैंक भी खतरे की जद में; कई शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई। गगहा गोरखपुर बांसगांव संदेश। फोरलेन निर्माण के दौरान जल निकासी व्यवस्था बाधित किए जाने से डुमरी और मेहदिया क्षेत्र के ग्रामीणों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार बांसगांव तहसील दिवस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। ग्रामीणों के अनुसार, पुलिया मौजूद होने के बावजूद एनएचएआई ने नाले पर स्लैब डालकर जल निकासी का रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया है। इसका परिणाम यह है कि लगभग 20 से 25 एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई है, जबकि डुमरी और मेहदिया मोहल्लों में भी भारी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान फोरलेन के किनारे जमा सड़े हुए पानी से संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। उनका कहना है कि फोरलेन निर्माण से पहले यहां वर्षों पुरानी पुलिया के माध्यम से पानी की निकासी होती थी, लेकिन निर्माण के बाद पुलिया के पूर्वी हिस्से का निकासी मार्ग पूरी तरह बंद कर दिया गया। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो किसानों की फसल, आसपास के मकानों और सर्विस लेन को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। स्थिति इसलिए भी गंभीर है क्योंकि प्रभावित क्षेत्र में नेताजी सुभाष चंद्र बोस अकादमी और यूको बैंक की शाखा भी स्थित है, जहां जलभराव से छात्रों, अभिभावकों और बैंक ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। आनंद प्रकाश सिंह अधिवक्ता, डुमरी, गगहा नें बताया कि, "इस समस्या की शिकायत कई बार तहसील दिवस और एनएचएआई के अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। जल निकासी बंद होने से किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं और मोहल्लों में जलभराव से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो स्थानीय लोग जनआंदोलन और प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।"इस सम्बंध में कार्यदाई संस्था के अधिकारी अशोक कुमार गुप्ता से बात करने पर उन्होंने ने बताया कि दिखवाते है।

0 likes
0 comments1 shares