बाँसगाव संदेश (भीटी रॉवत) सहजनवा थाना क्षेत्र के हरदी गांव में रविवार
बाँसगाव संदेश (भीटी रॉवत) सहजनवा थाना क्षेत्र के हरदी गांव में रविवार दोपहर एक युवती से घर में घुसकर छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। विरोध करने पर आरोपी ने युवती के साथ मारपीट की। शोर सुनकर पहुंचे युवती के चाचा को भी लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया गया। आरोप है कि हमलावरों ने दरवाजे पर खड़ी बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी। पीड़िता के अनुसार, वह रविवार दोपहर घर पर अकेली थी। इसी दौरान गांव का एक युवक घर में घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। युवती के शोर मचाने पर उसके चाचा मौके पर पहुंचे और आरोपी को फटकार लगाई। इस पर आरोपी ने उन पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। आरोप है कि बाद में आरोपी के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और युवती व उसके चाचा के साथ मारपीट करते हुए बाइक को नुकसान पहुंचाया। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ सहजनवा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थाना प्रभारी सहजनवा संजय कुमार मिश्र ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया पुराने विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी