Bansgaon Sandesh
Login
रिपोर्टर राहुल कुमार सिंह
Sultanpurलगभग १ घंटा पहले

पुलिसकर्मियों की फिटनेस को मिला नया सहारा सुलतानपुर पुलिस लाइन्स में अत्याधुनिक

पुलिसकर्मियों की फिटनेस को मिला नया सहारा सुलतानपुर पुलिस लाइन्स में अत्याधुनिक जिम का उद्घाटन सुलतानपुर, 17 सितंबर। पुलिसकर्मियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से सुदृढ़ रखने के लिए सुलतानपुर पुलिस ने एक नई पहल की है। पुलिस लाइन्स में नवनिर्मित अत्याधुनिक एवं वातानुकूलित जिम का गुरुवार को पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल एवं वामा सारथी पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्षा डॉ. तन्वी जायसवाल ने फीता काटकर संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद पुलिस अधीक्षक एवं वामा सारथी अध्यक्षा ने जिम में उपलब्ध फिटनेस उपकरणों का अवलोकन किया और उनके उपयोग की जानकारी ली। जिम में पुलिसकर्मियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए चेस्ट प्रेस मशीन, लेग कर्ल/लेग एक्सटेंशन, पुल डाउन मशीन, मल्टी फंक्शन स्टेशन, ट्रेडमिल, क्रॉस ट्रेनर और हाइपर एक्सटेंशन समेत कई आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। जिम को वातानुकूलित बनाने के साथ ही पुलिसकर्मियों के लिए प्रशिक्षित जिम ट्रेनर की व्यवस्था भी की गई है। खास बात यह है कि जिम को 24 घंटे पुलिसकर्मियों के लिए सुलभ रखा गया है, ताकि कर्मचारी अपनी ड्यूटी के समय के अनुसार इसका उपयोग कर सकें। इस मौके पर एसपी विनीत जायसवाल ने कहा कि पुलिस की ड्यूटी जिम्मेदारियों और चुनौतियों से भरी होती है। ऐसे में पुलिसकर्मियों का शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से मजबूत रहना जरूरी है। नियमित व्यायाम तनाव कम करने के साथ ऊर्जा, आत्मविश्वास और कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद करता है। सुलतानपुर पुलिस के अनुसार इस पहल का उद्देश्य पुलिसकर्मियों में नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। यह पहल ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ की भावना के अनुरूप पुलिस बल को स्वस्थ एवं सक्रिय बनाए रखने की दिशा में उठाया गया कदम है। उद्घाटन अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण मिश्रा, क्षेत्राधिकारी लाइन रामकृष्ण चतुर्वेदी, प्रतिसार निरीक्षक समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

0 likes
0 comments0 shares