छताई पुल से महिला ने लगाई छलांग, ग्रामीणों की सतर्कता से बची जान

खजनी। बांसगांव संदेश खजनी थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पारिवारिक कलह से परेशान एक महिला ने छताई पुल से आमी नदी में छलांग लगा दी। संयोगवश नदी में पानी का स्तर कम होने के कारण उसकी जान बच गई, हालांकि गिरने से उसके पैर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को नदी से बाहर निकाला और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही खजनी प्रभारी जयंत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल महिला को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार शाहनुमा पत्नी अमजद खान, उम्र लगभग 30 वर्ष, पुत्री तजम्मुल खान, मूल रूप से मायका हरनही थाना बांसगांव तथा ससुराल ग्राम भीसीया थाना बेलघाट की निवासी है। वह किसी साधन से छताई पुल पहुंची और आत्महत्या की नीयत से कूद गई। थाना प्रभारी जयंत सिंह ने बताया कि मायका पक्ष के परिजनों को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।