लखनऊ मंडल द्वारा गोरखपुर में यात्री-हितैषी लाइव ट्रेन सूचना वेबपेज की शुरुआत।
लखनऊ मंडल द्वारा गोरखपुर में यात्री-हितैषी लाइव ट्रेन सूचना वेबपेज की शुरुआत। लखनऊ 13 फरवरी 2026। भारतीय रेल के लखनऊ मंडल ने गोरखपुर जंक्शन पर ट्रेन स्थिति प्रदर्शन प्रणाली के डिजिटलीकरण हेतु एक ’इन-हाउस वेब एप्लिकेशन’ का विकास किया है, जिसे बिना किसी अतिरिक्त व्यय के तैयार किया गया है। इस पहल के अंतर्गत पूछताछ काउंटर पर मैन्युअल रूप से अद्यतन किए जाने वाले व्हाइटबोर्ड के स्थान पर रियल-टाइम डिजिटल इंटरफेस स्थापित किया गया है, जिससे यात्रियों को सटीक एवं पारदर्शी ट्रेन सूचना उपलब्ध हो सके। यह वेबपेज अगले चार घंटों में गोरखपुर से प्रस्थान करने वाली सभी ट्रेनों की लाइव स्थिति प्रदर्शित करता है। ट्रेनों को दिशा-वार प्रदर्शित किया गया है, जिससे विशेषकर दैनिक यात्रियों एवं अनारक्षित यात्रियों को जानकारी समझने में सुविधा हो। डायवर्ट, रेगुलेट तथा निरस्त ट्रेनों को विशेष रूप से हाइलाइट किया गया है, ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति अथवा अंतिम समय की असुविधा से बचा जा सके। यात्री स्टेशन पर प्रदर्शित ’क्यूआर कोड’ स्कैन कर सीधे वेबपेज तक पहुंच सकते हैं। वेबपेज में ऑटो-रिफ्रेश एवं ऑटो-स्क्रोल की सुविधा उपलब्ध है, जिससे रियल-टाइम अपडेट निर्बाध रूप से प्राप्त होते रहते हैं। इसके अतिरिक्त, निर्धारित यूआरएल के माध्यम से मोबाइल फोन सहित किसी भी डिवाइस पर इसे एक्सेस किया जा सकता है। इससे यात्रियों को पूछताछ काउंटर पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती, जिससे समय की बचत होती है एवं भीड़भाड़ में कमी आती है। विशेष रूप से दैनिक यात्री अपनी दिशा की अगली उपलब्ध ट्रेन की शीघ्र पहचान कर अपनी यात्रा की बेहतर योजना बना सकते हैं। इस प्रणाली में मंडल मुख्यालय स्तर पर रेलकर्मी नई ट्रेनों की प्रविष्टि, डायवर्ट अथवा निरस्त ट्रेनों तथा संभावित प्रस्थान समय का समयबद्ध अद्यतन कर सकते हैं, जबकि स्टेशन के पूछताछ कर्मचारी आवश्यकता अनुसार प्लेटफॉर्म संख्या एवं प्रस्थान विवरण अपडेट कर सकते हैं। सॉफ्टवेयर का विकास इन-हाउस कर निजी डोमेन पर होस्ट किया गया है, जिससे यह मंडल की किफायती एवं नवोन्मेषी पहल को दर्शाता है। त्योहारों के दौरान तथा बड़े आयोजनों, जैसे कि कुंभ मेला, के समय इस प्रणाली का महत्व और अधिक बढ़ जाता है। ऐसे अवसरों पर जब यात्रियों की संख्या अत्यधिक बढ़ जाती है, रियल-टाइम डिजिटल सूचना प्रसारण से भीड़ प्रबंधन में सहायता मिलती है, पूछताछ काउंटरों पर दबाव कम होता है तथा भ्रामक जानकारी की संभावना न्यूनतम होती है। यात्री स्वयं अद्यतन जानकारी प्राप्त कर सुव्यवस्थित निर्णय ले सकते हैं, जिससे यात्री प्रवाह सुगम होता है। साथ ही, रेलकर्मी बार-बार पूछताछ से मुक्त होकर परिचालन पर्यवेक्षण, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा निगरानी एवं प्लेटफॉर्म प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकते हैं। इस प्रकार यह प्रणाली यात्री सुविधा एवं जमीनी स्तर पर परिचालन दक्षता, दोनों को सुदृढ़ करती है। गौरव अग्रवाल, मंडल रेल प्रबंधक, लखनऊ के मार्गदर्शन, महत्वपूर्ण सुझावों एवं प्रेरणा से यह सॉफ्टवेयर परिकल्पित किया गया है तथा प्रसन्न कात्यायन, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, लखनऊ द्वारा इसको पूर्ण रूप से बिना किसी लागत के इन हाउस तैयार किया गया है। यह पहल समग्र रूप से यात्री सुविधा को सुदृढ़ करती है, सटीक एवं त्वरित ट्रेन सूचना उपलब्ध कराती है तथा स्टेशन पर सूचना प्रसारण प्रणाली के आधुनिकीकरण के साथ-साथ मंडल स्तर से दूरस्थ निगरानी की भी सुविधा सुनिश्चित करती है। यह यात्री सुविधा गोरखपुर जं0 स्टेशन पर प्रारम्भ कर दी गयी है।