सरदारनगर के बच्चों को चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता में मिला सम्मान

चौरीचौरा गोरखपुर।उत्तर प्रदेश सरकार के 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत जिला स्तर पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता एवं रंगोली प्रदर्शनी में सरदारनगर ब्लॉक के बच्चों ने अपनी शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सरदारनगर ब्लॉक के 5 बच्चों को मुख्य अतिथि माननीय विधायक विपिन सिंह एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी धीरेंद्र त्रिपाठी द्वारा संयुक्त रूप से पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। पुरस्कृत होने वाले मेधावी बाल-कलाकारों में प्राथमिक विद्यालय तिलौली की सोनाली, उच्च प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मणपुर की रितु मौर्या, प्राथमिक विद्यालय पंसरही की अनन्या, पीएम श्री विद्यालय बाल बुजुर्ग की श्रेया तथा पीएम श्री विद्यालय डुमरी खुर्द की लक्ष्मी शामिल हैं। कार्यक्रम में बच्चों का उत्साहवर्धन एवं मार्गदर्शन करने के लिए ए.आर.पी. विनय सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही बच्चों को प्रतिभाग कराने हेतु शिक्षक-शिक्षिकाओं में उपासना सिंह, मनोज कुमार, नितिन जायसवाल, गोविंद शाह, रितेश सिंह एवं आनंद कुमार ने बच्चों को मार्गदर्शन प्रदान किया। खंड शिक्षा अधिकारी सरदारनगर ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है।