सोनभद्र को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और विशेषज्ञ डॉक्टर मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा--- आनंद पटेल दयालु

सोनभद्र को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और विशेषज्ञ डॉक्टर मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा — आनन्द पटेल दयालु क्रांतिकारी अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद जी के जन्मदिवस के शुभ अवसर पर राष्ट्रीय नवनिर्माण सेना ट्रस्ट के तत्वावधान में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री आनन्द पटेल दयालु के नेतृत्व में जनहित हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान नेताजी कॉटन भंडार से आर्य समाज तक पैदल मार्च के रूप में निकाला गया। अभियान के दौरान आम जनमानस को जनहित के मुद्दों से अवगत कराया गया तथा लगभग 400 लोगों ने हस्ताक्षर कर अपना समर्थन दिया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री आनन्द पटेल दयालु ने क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद के संघर्षमय जीवन, अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि चंद्रशेखर आजाद ने अपना संपूर्ण जीवन भारत माता की स्वतंत्रता के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के सामने कभी आत्मसमर्पण नहीं किया और अपने अंतिम क्षण तक "आजाद" रहने की प्रतिज्ञा निभाई। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को चंद्रशेखर आजाद जैसे महान क्रांतिकारियों के जीवन, विचारों और संघर्षों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित और समाजहित के कार्यों में आगे आना चाहिए। श्री आनन्द पटेल दयालु ने कहा कि देश के प्रत्येक विद्यालय, महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रम में क्रांतिकारियों के जीवन, संघर्ष और विचारों पर आधारित पुस्तकों का अध्ययन अनिवार्य किया जाना चाहिए। इससे युवाओं में राष्ट्रभक्ति, त्याग, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होगी। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल डॉक्टर, इंजीनियर, नेता, अभिनेता, बिजनेसमैन, अधिकारी या कर्मचारी बनाना नहीं होना चाहिए, बल्कि सबसे पहले एक सच्चा राष्ट्रभक्त नागरिक तैयार करना चाहिए। जब देशभक्ति की भावना मजबूत होगी तभी राष्ट्र मजबूत और आत्मनिर्भर बनेगा। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से निम्न प्रमुख मांगें उठाई गईं— 1. ओबरा तापीय अस्पताल में 20 वर्ष पूर्व की भांति सभी स्वास्थ्य सेवाएं पुनः बहाल की जाएं। 2. माताओं एवं बहनों के लिए प्रसव (डिलीवरी) सुविधा तत्काल प्रारंभ की जाए। 3. ओबरा इंटर कॉलेज को गरीब एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों के हित में पुनः बहाल किया जाए। 4. जिला अस्पताल सोनभद्र में जिला खनिज निधि से एमआरआई मशीन स्थापित की जाए। 5. सोनभद्र में बीएचयू की तर्ज पर सुपर स्पेशलिस्ट स्वास्थ्य सेवाओं से युक्त आधुनिक अस्पताल स्थापित किया जाए, ताकि गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए लोगों को दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष जनाब महताब आलम ने कहा कि आम जनता ने इस अभियान को भरपूर समर्थन दिया है। राष्ट्रीय नवनिर्माण सेना ट्रस्ट जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करता रहा है और आगे भी करता रहेगा। यह अभियान आने वाले समय में और अधिक व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन जिलाध्यक्ष जनाब शिब्बु शेख ने किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से राष्ट्रीय योग गुरु श्री झल्लन शर्मा, संरक्षक श्री सत्येंद्र सिंह नेता, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री संतोष कनौजिया, प्रदेश सचिव श्री विकास कुमार गौड़, महिला सेना प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती सोनी खान, पूर्व राष्ट्रीय सचिव श्री अनिल भारती, प्रदेश योग शिक्षक श्री राजन शर्मा, जिला संगठन मंत्री श्री दिनेश केसरी, जिला महासचिव श्री विभाग घटक, जनाब जलालुद्दीन, श्री कार्तिक केसरी, श्री अंकित चंद, श्री श्रवण यादव, श्री पवन कुमार जायसवाल, जनाब बचनु, श्रीमती चंचला चौबे, जनाब आरिफ खान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे। अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री आनन्द पटेल दयालु ने कहा कि "पूरे सोनभद्र को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल और विशेषज्ञ डॉक्टर मिलने तक राष्ट्रीय नवनिर्माण सेना ट्रस्ट का संघर्ष और जनआंदोलन लगातार जारी रहेगा। जनहित के इन मुद्दों पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।" उन्होंने सभी नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का यह समर्थन आने वाले समय में एक बड़े जनआंदोलन का आधार बनेगा और संगठन पूरी लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से जनहित की लड़ाई लड़ता रहेगा।