Bansgaon Sandesh
Login
P
Deoriaलगभग १ घंटा पहले

मसाला फसलों की खेती से कम जोत में बढ़ेगी किसानों की आय।

मसाला फसलों की खेती से कम जोत में बढ़ेगी किसानों की आय।

मसाला फसलों की खेती से कम जोत में बढ़ेगी किसानों की आय। देवरिया में प्याज और लहसुन के बीज वितरण अभियान का शुभारंभ, सात विकासखंडों के 91 किसानों को मिला लाभ। देवरिया 16 अक्टूबर। देश में मसाला फसलों की बढ़ती मांग और प्याज व लहसुन के निर्यात की संभावनाओं को देखते हुए उद्यान विभाग किसानों को इन फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। एकीकृत बागवानी विकास मिशन, मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना और राज्य सेक्टर की योजनाओं के तहत ऑनलाइन पंजीकृत किसानों को अनुदान की सीमा के अंतर्गत बीज निशुल्क वितरित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राजकीय पौधशाला, भुजौली में प्याज और लहसुन के बीज वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष/ प्रशासक पं. गिरीश चंद्र तिवारी ने किया। इस दौरान सात विकासखंडों के कुल 91 किसानों को बीज वितरित किए गए। बीज वितरण के बाद किसानों को संबोधित करते हुए पं. गिरीश चंद्र तिवारी ने कहा कि किसान रबी सीजन में उद्यान विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए बीजों से गुणवत्तापूर्ण खेती कर अधिक उत्पादन प्राप्त करें। उन्होंने किसानों से अपने दैनिक उपयोग में आने वाले मसालों के उत्पादन में आत्मनिर्भर बनने तथा प्याज और लहसुन के निर्यात को बढ़ावा देने में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्याज और लहसुन की खेती कम क्षेत्रफल में भी की जा सकती है। इससे किसानों को इन उत्पादों की घरेलू जरूरत पूरी करने के साथ अतिरिक्त आय अर्जित करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने सभी किसानों से अपनी भूमि के उपलब्ध क्षेत्र के अनुसार प्याज और लहसुन की खेती अवश्य करने का अनुरोध किया। जिला उद्यान अधिकारी संदीप कुमार गुप्त ने बताया कि जनपद के निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति के लिए विभागीय पोर्टल पर पंजीकृत किसानों को भारत सरकार की संस्था राष्ट्रीय बागवानी अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान (एनएचआरडीएफ), नासिक से प्राप्त प्याज की एग्रीफाउंड लाइट रेड और लहसुन की यमुना सफेद-3 प्रजाति के बीज निशुल्क दिए जा रहे हैं। किसानों को 16 बिस्वा क्षेत्र में प्याज और लहसुन की खेती के लिए निर्धारित अनुदान सीमा के अंतर्गत अनुमन्य बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि मौसम साफ रहने पर उचित जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए प्याज की नर्सरी डालें और लहसुन की बुवाई करें, ताकि फसल की अच्छी बढ़वार और बेहतर उत्पादन प्राप्त हो सके। योजना प्रभारी रणजीत यादव ने बताया कि बीज वितरण अभियान की शुरुआत सात विकासखंडों के 91 किसानों को बीज उपलब्ध कराकर की गई है। अक्टूबर माह में योजना के तहत पंजीकृत किसानों को ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित कर निशुल्क बीज वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रभारी गिरिजा प्रसाद सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

1 likes
0 comments1 shares