22 फरवरी को काशी में मेगा विधिक सहायता शिविर: जनकल्याण योजनाओं का

22 फरवरी को काशी में मेगा विधिक सहायता शिविर: जनकल्याण योजनाओं का मिलेगा सीधा लाभ वाराणसी में 22 फरवरी को मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम चौकाघाट स्थित पद्मविभूषण गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल परिसर में आयोजित होगा। जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संजीव शुक्ला ने शिविर को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए विभागीय अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को अपने-अपने जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के पात्र लाभार्थियों को अधिक से अधिक संख्या में लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया। कई विभागों की होगी भागीदारी शिविर में उद्योग, पंचायत राज, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा, पिछड़ा वर्ग कल्याण, जिला अग्रणी बैंक, पशु चिकित्सा, कौशल विकास, डेयरी, दिव्यांग कल्याण, जल शक्ति, आरटीओ, स्वास्थ्य, कृषि बीमा और नेडा सहित कई विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाएंगे। जिला जज ने निर्देश दिया कि सभी विभाग 21 फरवरी की शाम तक अपने स्टॉल स्थापित कर लें और 22 फरवरी को सुबह 9:30 बजे तक लाभार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अधिकतम लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाना ही शिविर की सफलता का आधार होगा। यह मेगा विधिक सहायता शिविर आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी और त्वरित लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।