पत्रकार अग्निवेश सिंह हत्याकांड में कार्रवाई की मांग को लेकर इंडियन प्रेस एसोसिएशन ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

गोरखपुर। बांसगांव संदेश गोरखपुर के बांसगांव थाना क्षेत्र में पत्रकार एवं अधिवक्ता अग्निवेश सिंह की हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर इंडियन प्रेस एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी गोरखपुर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने घटना की निष्पक्ष जांच कराते हुए नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि 27 फरवरी 2026 को गोरखपुर में नाली विवाद के दौरान पत्रकार अग्निवेश सिंह की निर्मम हत्या कर दी गई थी। संगठन ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि दिवंगत पत्रकार अग्निवेश सिंह का व्यवहार सरल, मिलनसार तथा पत्रकारिता के प्रति पूर्ण समर्पित था। उनका असमय निधन पत्रकार समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। संगठन ने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रदेश सरकार से मांग की कि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। साथ ही घटना की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इंडियन प्रेस एसोसिएशन के संस्थापक राजेश कुमार श्रीवास्तव, राष्ट्रीय अध्यक्ष आदर्श कुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय कुमार वर्मा, उपाध्यक्ष शक्ति शंकर सिंह बारी, महामंत्री कृष्णा कुमार श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष आदित्य अंचल श्रीवास्तव, संगठन मंत्री संजय कुमार गुप्ता, महासचिव अरुण कुमार श्रीवास्तव, सचिव पुनीत महाराज, राष्ट्रीय सचिव अविनाश श्रीवास्तव तथा मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ता रेखा त्रिपाठी सहित अन्य पदाधिकारियों ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए न्याय की मांग की।