Bansgaon Sandesh
Login
S
Gorakhpurलगभग २ घंटे पहले

राजस्व टीम के सामने झोपड़ी में लगी आग, कब्जा हटाने की कार्रवाई

राजस्व टीम के सामने झोपड़ी में लगी आग, कब्जा हटाने की कार्रवाई

राजस्व टीम के सामने झोपड़ी में लगी आग, कब्जा हटाने की कार्रवाई अधूरी -------- रकौली में अवैध कब्जा हटाने पहुंची टीम लौटी बैरंग ... मदरिया । गोला थाना क्षेत्र के ग्राम रकौली में गुरुवार की शाम अवैध कब्जा हटाने पहुंची राजस्व एवं पुलिस टीम के सामने अचानक एक झोपड़ी में आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद कब्जा हटाने की कार्रवाई अधूरी छोड़ प्रशासनिक टीम को बैरंग लौटना पड़ा। मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव है वहीं दोनों पक्षों के द्वारा आरोप-प्रत्यारोप लगाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार ग्राम रकौली स्थित गाटा संख्या 164 रकबा 0.3080 हेक्टेयर भूमि को लेकर बंगेश चौधरी एवं अशोक यादव के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। मामला हाईकोर्ट, दीवानी न्यायालय बांसगांव तथा उपजिलाधिकारी गोला न्यायालय में विचाराधीन रहा है। उक्त भूमि पर अशोक यादव कई वर्षों से नाद-खूंटा गाड़कर तथा छप्पर डालकर कब्जा किए हुए हैं। करीब पांच वर्ष पूर्व उपजिलाधिकारी न्यायालय से बंगेश चौधरी मुकदमा जीत चुके हैं, लेकिन जमीन पर कब्जा नहीं मिल सका। हाल ही में बंगेश चौधरी ने उपजिलाधिकारी गोला को प्रार्थना पत्र देकर अवैध कब्जा हटवाने की मांग की थी। लेखपाल की रिपोर्ट में भी भूमि बंगेश चौधरी के पक्ष में बताई गई थी। इसके बाद उपजिलाधिकारी ने 11 मई को नायब तहसीलदार बालचंद चौहान के नेतृत्व में राजस्व निरीक्षक एवं चार लेखपालों की टीम गठित कर कब्जा हटाने का निर्देश दिया था। निर्देश के क्रम में गुरुवार शाम राजस्व टीम पुलिस बल तथा जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान नाद-खूंटा उखाड़ा जाने लगा, तभी आसपास भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इसी बीच अचानक झोपड़ी में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और प्रशासनिक कार्रवाई रोकनी पड़ी। झोपड़ी में बैठी महिला ने लगाई आग..... राजस्व टीम का आरोप है कि टीम को आते देख अंदर मौजूद किसी महिला ने स्वयं झोपड़ी में आग लगा दी, जबकि अशोक यादव ने विपक्षी पक्ष पर आग लगाने का आरोप लगाया है। अशोक यादव का कहना है कि उक्त जमीन उनके पिता ने वर्षों पहले दूसरे व्यक्ति से खरीदकर ली थी और वह लंबे समय से उस पर काबिज हैं। उन्होंने बंगेश चौधरी पर फर्जी तरीके से वरासत कराने का आरोप भी लगाया। घटना के दौरान नायब तहसीलदार बालचंद चौहान, राजस्व निरीक्षक चंद्रमणि, लेखपाल प्रकाश चंद्र, अजय पाठक, सुरेंद्र पटेल, आलोक कुमार सहित पुलिस बल मौजूद रहा।

0 likes
0 comments0 shares