*कार्यक्रम से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं में जमकर चले लाठी-डंडे, मारपीट का वीडियो

*कार्यक्रम से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं में जमकर चले लाठी-डंडे, मारपीट का वीडियो वायरल* बांसगांव संदेश | रुद्रपुर, देवरिया भाजपा के कार्यक्रम से पहले खरोह चौराहे पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मौके पर कुछ देर तक धक्का-मुक्की के साथ लाठी-डंडे चलने की बात सामने आई। आरोप है कि इसी दौरान सलेमपुर के पूर्व सांसद रवींद्र कुशवाहा के चालक को कुछ लोगों ने घेरकर पीटा। बताया जा रहा है कि भाजपा के सोशल मीडिया के राष्ट्रीय सह-संयोजक शिवानंद द्विवेदी देवरिया जा रहे थे। उनके स्वागत के लिए पार्टी कार्यकर्ता खरोह चौराहे पर जुटे थे। अलग-अलग नेताओं और पदाधिकारियों के समर्थक भी वहां मौजूद थे। इसी दौरान सलेमपुर के पूर्व सांसद रवींद्र कुशवाहा और लार के भाजपा नेता एवं ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमित सिंह के ड्राइवरों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आसपास मौजूद समर्थक भी इसमें शामिल हो गए। इसके बाद दोनों पक्षों में हाथापाई और मारपीट शुरू हो गई। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में कई लोग आपस में भिड़ते और एक व्यक्ति को घेरकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर भी नजर आ रहे हैं। मारपीट शुरू होते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग करने का प्रयास किया। वीडियो में एक व्यक्ति खुद को बचाते हुए वहां से भागता हुआ भी दिखाई देता है। वरिष्ठ पदाधिकारी भी बताए जा रहे थे मौजूद बताया जा रहा है कि घटना के समय भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी आसपास मौजूद थे। अचानक हुई मारपीट से कार्यक्रम स्थल पर भी हलचल मच गई। फिलहाल विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। भाजपा के बड़े पदाधिकारी भी मामले पर खुलकर बयान देने से बच रहे हैं। पुलिस की ओर से भी समाचार लिखे जाने तक किसी कार्रवाई या आधिकारिक बयान की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। अब पुलिस जांच में ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और यह पता चलेगा कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई थी।