सुल्तानपुर।केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के 12
सुल्तानपुर।केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर बुधवार को भाजपा ने जिले भर में धार्मिक आयोजनों के जरिए जनसंपर्क और शक्ति प्रदर्शन किया। जिले के सभी 26 मंडलों में मंदिरों में पूजन-अर्चन,सुंदरकांड पाठ और आरती का आयोजन कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की गई।सिविल लाइंस स्थित हनुमान मंदिर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी और शहर विधायक विनोद सिंह शामिल हुए। इस दौरान जिलाध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों में देश ने विकास,गरीब कल्याण और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 4399 दिनों तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्य कर नया इतिहास रच दिया है।शहर विधायक विनोद सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है,जिससे करोड़ों लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है।कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने सुंदरकांड पाठ के बाद सामूहिक आरती कर राष्ट्र की उन्नति और प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की।इसी क्रम में सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने मोतिगरपुर क्षेत्र के दियरा स्थित छेंदुवारी हनुमान मंदिर,कादीपुर विधायक राजेश गौतम ने बिजेथुआ महावीरन धाम तथा अन्य भाजपा नेताओं ने विभिन्न धार्मिक स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया। जिले के सभी मंडलों में मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व में विशेष आयोजन हुए, जिनमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।भाजपा नेताओं ने इसे विकास और सुशासन के 12 वर्षों का उत्सव बताया,जबकि विपक्षी दलों ने ऐसे आयोजनों को राजनीतिक संदेश देने का माध्यम करार दिया है। हालांकि जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं के उत्साह ने यह स्पष्ट कर दिया कि पार्टी आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है।