पक्का चौक के संवेदनशील चबूतरे पर कार्य शुरू होने से बढ़ा तनाव

पक्का चौक के संवेदनशील चबूतरे पर कार्य शुरू होने से बढ़ा तनाव, प्रशासन अलर्ट बांसगांव संदेश रुद्रपुर देवरिया। नगर पंचायत रुद्रपुर के पक्का चौक स्थित एक संवेदनशील स्थल पर बने चबूतरे पर रविवार सुबह कार्य शुरू होने की सूचना से क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। जानकारी मिलते ही हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और कार्य का विरोध करते हुए नाराजगी जताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया। सूचना पर उपजिलाधिकारी (एसडीएम), थाना प्रभारी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। इसी दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आनंद पांडे भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि स्थल की संवेदनशीलता को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है तथा पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि बिना प्रशासनिक अनुमति के किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य या अन्य गतिविधि नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों के अनुसार पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है तथा प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।