*सिकरीगंज-पटखौली मार्ग बना जानलेवा, चार साल से गड्ढों और जलभराव से जूझ

*सिकरीगंज-पटखौली मार्ग बना जानलेवा, चार साल से गड्ढों और जलभराव से जूझ रहे लोग* सिकरीगंज, गोरखपुर। गोरखपुर जनपद के दक्षिणांचल स्थित सिकरीगंज क्षेत्र में सिकरीगंज से पटखौली जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे राहगीरों और स्थानीय व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश का मौसम शुरू होते ही सड़क पर जलभराव की समस्या और गंभीर हो जाती है। पानी निकासी की कोई व्यवस्था न होने के कारण सड़क पर लंबे समय तक पानी जमा रहता है, जिससे आए दिन बाइक और साइकिल सवार हादसे का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की यह स्थिति पिछले करीब चार वर्षों से बनी हुई है, लेकिन अब तक किसी जनप्रतिनिधि या संबंधित विभाग ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों के लिए खतरा बन चुके हैं और रात के समय दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। स्थानीय व्यापारी राजेश कुमार जायसवाल ने बताया कि उनकी दुकान के सामने सड़क पर हमेशा पानी जमा रहता है, जिससे ग्राहकों को आने-जाने में दिक्कत होती है और व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। वहीं भोला वस्त्रालय के प्रोपराइटर विक्रमजीत ओझा ने कहा कि इस मार्ग से आए दिन सांसद, विधायक और अन्य अधिकारी गुजरते हैं, लेकिन सड़क की दुर्दशा पर किसी का ध्यान नहीं जाता। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि सिकरीगंज-पटखौली मार्ग का जल्द से जल्द निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और संभावित हादसों को रोका जा सके।