अटल बिहारी वाजपेयी टी-20 चैंपियनशिप में आजमगढ़ ने गाजीपुर को 20 रन से हराया

आजमगढ़। सुखदेव पहलवान स्टेडियम में स्व. अटल बिहारी वाजपेयी टी-20 स्टेट चैंपियनशिप का उद्घाटन मैच सोमवार को वीएसएसएच आजमगढ़ और वेदांत क्रिकेट क्लब गाजीपुर के बीच खेला गया। मुकाबले में आजमगढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गाजीपुर को 20 रन से हराकर जीत दर्ज की। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि विजय सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. मनीष त्रिपाठी ने किया। टॉस जीतकर गाजीपुर ने आजमगढ़ को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। आजमगढ़ की ओर से ध्रुव तोमर ने 12 गेंदों पर पांच छक्कों की मदद से 32 रन बनाए, जबकि धनंजय यादव ने 54 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से नाबाद 43 रन की पारी खेली। इसके दम पर आजमगढ़ की टीम ने निर्धारित पारी में 140 रन बनाए। गाजीपुर की ओर से प्रवीण, दिव्यांश और अभिषेक ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गाजीपुर की टीम 19.2 ओवर में 120 रन पर ऑलआउट हो गई। राजवर्धन ने सर्वाधिक 40 रन बनाए। आजमगढ़ की ओर से श्रवण सरोज ने 3.2 ओवर में 15 रन देकर चार विकेट झटके, जबकि वैभव ने तीन ओवर में 10 रन देकर तीन विकेट लिए। शानदार गेंदबाजी के लिए श्रवण सरोज को मैन ऑफ द मैच चुना गया।