पहली ही बारिश में ध्वस्त हुआ नाला, डीएम ने दिए जांच के आदेश

पहली ही बारिश में ध्वस्त हुआ नाला, डीएम ने दिए जांच के आदेश देवरिया। जिले में हाल ही में निर्मित एक नाला तेज बारिश के दौरान ध्वस्त होने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने पूरे प्रकरण की जांच के आदेश देते हुए निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार, 11 जून को हुई तेज बारिश के दौरान शहर के कोआपरेटिव चौराहा और गोरखपुर रोड ओवरब्रिज के पास स्थित नाले का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। यह नाला कुछ माह पूर्व ही निर्मित कराया गया था।लेकिन पहली ही बड़ी बारिश में इसके ध्वस्त होने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की गई। जिसके चलते नाला बारिश का दबाव नहीं झेल सका। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में नाराजगी देखी गई और निर्माण की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच की मांग उठी। जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि जांच में यदि निर्माण कार्य में अनियमितता, घटिया सामग्री के उपयोग या तकनीकी मानकों की अनदेखी सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।जिससे नाले के ध्वस्त होने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।