नगर पंचायत गोला में धंसी सड़क, राहगीरों के लिए मुसीबत। मदरिया ।

नगर पंचायत गोला में धंसी सड़क, राहगीरों के लिए मुसीबत। मदरिया । ----------- वार्ड-13 में सुअरज से कटया जाने वाले मार्ग पर बना बड़ा गड्ढा, लोगों ने टहनियां लगाकर किया सावधान.... नगर पंचायत गोला के वार्ड नंबर-13 में सुअरज से कटया जाने वाले मार्ग पर शुक्रवार शाम करीब पांच बजे अचानक सड़क धंस गई। सड़क के धंसने से मार्ग के बीचोंबीच बड़ा गड्ढा बन गया। गनीमत रही कि जिस समय सड़क धंसी, उस दौरान वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। हादसे की आशंका को देखते हुए मौके पर मौजूद लोगों ने गड्ढे में पेड़ की टहनियां लगाकर राहगीरों को सावधान किया। जानकारी के अनुसार, नहर से सिंचाई के लिए सड़क के नीचे गहराई में साइफन बना हुआ है। इसी के ऊपर से सड़क का हिस्सा अचानक पूरी तरह धंस गया। मौके पर पहुंचे अधिवक्ता अखिलेश सिंह ने स्थानीय लोगों की मदद से गड्ढे के आसपास पेड़ की टहनियां आदि लगाकर लोगों को सचेत किया। अधिवक्ता अखिलेश सिंह ने बताया कि सड़क धंसने से चार पहिया वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही है। यदि जल्द ही इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो सड़क का बाकी हिस्सा भी धंस सकता है। उन्होंने बताया कि फिलहाल नहर बंद है। नहर में पानी छोड़े जाने के बाद स्थिति और गंभीर हो सकती है तथा पानी के दबाव से सड़क का बड़ा हिस्सा कटकर बहने की आशंका है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ माह पहले सुअरज से रानीपुर जाने वाला मार्ग भी इसी तरह अचानक धंस गया था। इसके बावजूद वर्तमान घटना से सवाल उठ रहे हैं कि सड़क के नीचे बने साइफन और अन्य संरचनाओं की नियमित जांच क्यों नहीं की जा रही है। बताया गया कि इसी मार्ग पर आगे निर्माण कार्य भी चल रहा है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल जांच कराकर धंसे हिस्से की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।