*दुर्गा पूजा, रामलीला और दशहरा को लेकर सिकरीगंज थाने में शांति समिति

*दुर्गा पूजा, रामलीला और दशहरा को लेकर सिकरीगंज थाने में शांति समिति की बैठक* 253 ग्राम सभाओं में 131 दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने दिए जरूरी निर्देश सिकरीगंज/गोरखपुर। दुर्गा पूजा, रामलीला और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए बुधवार को सिकरीगंज थाने पर प्रशासन और दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना क्षेत्र की करीब 253 ग्राम सभाओं में स्थापित होने वाली 131 दुर्गा प्रतिमाओं को लेकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में एसडीएम खजनी कुणाल रस्तोगी, सीओ खजनी दीपांशी राठौर, नायब तहसीलदार जाकिर हुसैन और सिकरीगंज थानाध्यक्ष आशीष कुमार दुबे मौजूद रहे। अधिकारियों ने दुर्गा पूजा समितियों के सदस्यों से प्रतिमा स्थापना से लेकर विसर्जन तक की तैयारियों और संभावित समस्याओं की जानकारी ली। *थानाध्यक्ष आशीष कुमार दुबे* ने कहा कि त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पूजा समितियां पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने बताया कि दुर्गा प्रतिमाओं को लाने के लिए सिकरीगंज थाने की ओर से प्रत्येक समिति को एक-एक आरक्षी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। *सीओ खजनी दीपांशी राठौर* ने पूजा समितियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुरानी परंपराओं के अनुसार ही आयोजन किया जाए। प्रत्येक पंडाल में सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा 10 वालंटियर की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहयोग मिल सके। *नायब तहसीलदार जाकिर हुसैन* ने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दें या 112 पर संपर्क करें। उन्होंने समितियों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की। वहीं *एसडीएम खजनी कुणाल रस्तोगी* ने पूजा समितियों के सदस्यों से प्रतिमा स्थापना, पंडाल, सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस और विसर्जन तक आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने समितियों को आवश्यक समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए आपसी सहयोग और समन्वय के साथ त्योहार मनाने की अपील की। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।