Bansgaon Sandesh
Login
Pradhan Pravasi
Gorakhpurलगभग १३ घंटे पहले

तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने हाथी को मारी टक्कर, मौके पर मौत

तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने हाथी को मारी टक्कर, मौके पर मौत

शादी समारोह से गांव लौट रहा था हाथी, महावत समेत दो युवक घायल; चालक वाहन लेकर फरार सहजनवा गोरखपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर बेलीपार थाना क्षेत्र के हाटा स्थित ईंट-भट्ठे के सामने शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने हाथी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हाथी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में हाथी के साथ चल रहे महावत समेत दो युवक घायल हो गए। इनमें महावत की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद वाहन चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। जानकारी के मुताबिक, खजनी थाना क्षेत्र के छपिया निवासी हरीश सिंह का हाथी एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने गांव लौट रहा था। शनिवार सुबह हाथी राष्ट्रीय राजमार्ग-24 से गुजर रहा था। इसी दौरान बेलीपार थाना क्षेत्र के हाटा में ईंट-भट्ठे के सामने पीछे अथवा सामने से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने हाथी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही हाथी सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में हाथी के साथ मौजूद सेवई गांव निवासी महावत जाफर अंसारी (20) पुत्र राजू अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं फैयाज अंसारी (15) पुत्र जियाऊ अंसारी को भी चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने घायलों की मदद करते हुए पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बेलीपार पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से गंभीर रूप से घायल महावत जाफर अंसारी और अन्य घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों की देखरेख में घायलों का इलाज कराया जा रहा है। हादसे की सूचना पर संबंधित अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सड़क पर हाथी की मौत के बाद कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए यातायात व्यवस्था संभाली। उधर, हादसे के बाद वाहन चालक के फरार होने से पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि वाहन और उसके चालक का पता लगाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शादी समारोह से लौट रहे हाथी की सड़क हादसे में हुई मौत से क्षेत्र में दुख का माहौल है। वहीं महावत और उसके साथी के घायल होने से उनके परिजनों में भी चिंता बनी हुई है।

0 likes
0 comments0 shares