दुर्गाबाड़ी रोड पर Divine Yoga Women Wellness Center का शुभारंभ

गोरखपुर। नगर के दुर्गाबाड़ी रोड स्थित बालाजी नर्सिंग होम के समीप महिलाओं के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को समर्पित Divine Yoga Women Wellness Center का शुभारंभ किया गया। यह केंद्र महिलाओं के समग्र स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए स्थापित किया गया है। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. संजय कुमार राम दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय गोरखपुर दर्शनशास्त्र विभाग एवं योग अध्ययन विभाग एवं डॉ. सुनील कुमार वैद्य रहे, जबकि अध्यक्षता अर्चना मद्धेशिया ने की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रकृति अग्रवाल के मार्गदर्शन में हुआ। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं तनाव, हार्मोनल असंतुलन एवं जीवनशैली संबंधी समस्याओं से जूझ रही हैं, जिनके समाधान में योग, प्राणायाम एवं ध्यान प्रभावी माध्यम हैं। केंद्र में महिलाओं के लिए योगासन, प्राणायाम, ध्यान, तनाव प्रबंधन, मोटापा नियंत्रण तथा महिला-विशेष स्वास्थ्य समस्याओं से संबंधित योग प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम में डॉ. नीलम दीक्षित, डॉ. संजय भारद्वाज, डॉ. विनय मल्ल, दीप मौर्य, प्रियंका, डॉ. मोहम्मद सेराज सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि यह केंद्र महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक ऊर्जा के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देगा। नगर की महिलाओं में केंद्र को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।