जिला सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम सख्त, हाईवे पर अवैध कट

जिला सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम सख्त, हाईवे पर अवैध कट बनाने वालों पर दर्ज होगी एफआईआर गाजीपुर, 26 मई 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में जिला सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा, हिट एंड रन मामलों, हाईवे पर अवैध कट, ई-रिक्शा संचालन तथा यातायात नियमों के पालन को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी स्वयं बैठक में प्रतिभाग करें तथा अनुपालन आख्या के साथ क्रमिक माह एवं विगत वर्ष के तुलनात्मक विवरण सहित फोटोग्राफ्स प्रस्तुत करें। हिट एंड रन मामलों में जागरूकता बढ़ाने हेतु पुलिस विभाग को कार्यशाला आयोजित करने तथा मीडिया व सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग ने बताया कि वर्तमान में हिट एंड रन का कोई भी मामला लंबित नहीं है।बैठक में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाने के लिए आमजन को जागरूक करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि राहवीर योजना के अंतर्गत घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके प्रचार के लिए सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों, टोल प्लाजा, ब्लैक स्पॉट, थाना एवं अस्पतालों पर होर्डिंग लगाए जाएंगे।जिलाधिकारी ने हाईवे पर चिन्हित स्थानों पर ही पार्किंग सुनिश्चित कराने और अन्य स्थानों पर पार्किंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही हाईवे पर ई-रिक्शा संचालन को पूर्णतः प्रतिबंधित बताते हुए किसी भी स्थिति में संचालन न होने देने को कहा गया। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, मोबाइल पर बात करते हुए तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ ब्रेथ एनालाइजर से जांच कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।वाराणसी-गाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-31 पर स्थानीय लोगों द्वारा मीडियन तोड़कर अवैध कट बनाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे स्थानों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से दोषियों को चिन्हित कर नामजद एफआईआर दर्ज कराई जाए।बैठक में एनएचएआई के परियोजना निदेशक की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने कड़ा रोष व्यक्त किया। उन्होंने निर्देश दिया कि एनएचएआई, यातायात पुलिस और थाना पुलिस संयुक्त निरीक्षण कर दुर्घटना संभावित कटों की रिपोर्ट प्रस्तुत करें तथा 10 दिनों के भीतर सुधार कार्य पूर्ण कराया जाए। चेतावनी दी गई कि सुधार कार्य न होने पर दुर्घटना की स्थिति में संबंधित एनएचएआई अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बी.एल. गौतम, संतोष कुमार, किरन पाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), जिला विद्यालय निरीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर), यातायात निरीक्षक सहित परिवहन, स्वास्थ्य विभाग, एनएचएआई तथा बस और ट्रक यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।