UP के वकीलों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा: मिलेगा 5 लाख

UP के वकीलों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा: मिलेगा 5 लाख तक कैशलेस इलाज, 10 हजार वकीलों के लिए बनेगी मल्टीलेवल पार्किंग *इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के कार्यक्रम में पहुंचे सीएम योगी, उपाध्यक्ष ने किया दंडवत प्रणाम* *प्रयागराज।* उत्तर प्रदेश के वकीलों के लिए योगी सरकार ने बड़ी सौगात का ऐलान किया है। अब प्रदेश के अधिवक्ताओं को सरकार 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मुहैया कराएगी। यह ऐलान सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के एक कार्यक्रम में किया। सीएम योगी ने इस दौरान वकीलों के हित में 3 बड़े ऐलान किए - *1.* प्रदेश के सभी वकीलों को 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलेगा। *2.* हाईकोर्ट के 10 हजार वकीलों के लिए मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जाएगी। *3.* 400 राज्य विधि अधिकारियों को टैबलेट दिए जाएंगे। कार्यक्रम में सीएम योगी के हाईकोर्ट पहुंचने पर अधिवक्ताओं ने 'जय श्रीराम' के जयघोष के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट अमित सिंह सोनू ने मंच पर सीएम योगी को दंडवत प्रणाम किया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। इसके बाद सीएम ने नए अधिवक्ता कक्षों की चाबी सांकेतिक रूप से अधिवक्ताओं को सौंपी। अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा, "आज मैं जब हाईकोर्ट के अंदर प्रवेश कर रहा था, तो यहां युवा अधिवक्ताओं के चेहरे की चमक को देखा। एक अलग ही चमक थी। जब ऐसी चमक युवाओं के चेहरे पर देखता हूं, तो महसूस करता हूं कि भविष्य उज्जवल है।"