Bansgaon Sandesh
Login
Khushboo Singh
Gorakhpurलगभग २ घंटे पहले

खजनी में आदित्य साहनी हत्याकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, आला कत्ल बरामद

खजनी में आदित्य साहनी हत्याकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, आला कत्ल बरामद

खजनी गोरखपुर बांसगांव संदेश। खजनी थाना क्षेत्र में हुए चर्चित आदित्य साहनी हत्याकांड का पुलिस ने घटना के तीसरे दिन सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू और डंडा भी बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में फैला दहशत का माहौल काफी हद तक शांत हुआ है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभय उर्फ गोलू साहनी, आयुष साहनी, अंशु साहनी और गामा साहनी के रूप में हुई है। सभी आरोपी खजनी थाना क्षेत्र के रूद्रपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। बताया गया कि मृतक युवक द्वारा आरोपियों की मां पर जानलेवा हमला किए जाने के बाद विवाद बढ़ा और उसी की परिणति युवक की हत्या के रूप में सामने आई। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के मार्गदर्शन तथा एसपी साउथ दिनेश कुमार, क्षेत्राधिकारी खजनी विवेक कुमार तिवारी के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक जयंत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम में एसएसआई रामदयाल सिंह यादव, हेड कांस्टेबल अनिल चौधरी, कांस्टेबल जितेंद्र यादव, कांस्टेबल अरविंद यादव और महिला आरक्षी लवकुश वर्मा शामिल रहे। पुलिस ने खजनी थाने में दर्ज केस संख्या 161/2026 के तहत चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। मुख्य आरोपी अभय उर्फ गोलू साहनी पर पहले से मारपीट और धमकी देने जैसे मामले दर्ज बताए जा रहे हैं, जबकि आयुष साहनी और अंशु साहनी पर भी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं और मामले की जांच अभी जारी है। आरोपियों पर बीएनएस की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्राधिकारी खजनी विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि पुलिस टीम के समन्वय और सतर्कता से घटना का सफल खुलासा किया गया है।

0 likes
0 comments0 shares