अवैध खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो जेसीबी और तीन डंपर सीज

बड़हलगंज। बडहलगंज थाना क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो जेसीबी मशीनों और तीन डंपरों को सीज कर दिया। यह कार्रवाई उपजिलाधिकारी गोला अमित कुमार जायसवाल और नायब तहसीलदार जयप्रकाश के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा औचक निरीक्षण के दौरान की गई। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन में लगे लोगों में हड़कंप मच गया। नायब तहसीलदार जयप्रकाश ने बताया कि उपजिलाधिकारी के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया जा रहा था। इसी दौरान सूचना मिली कि गोला-बड़हलगंज मार्ग स्थित महुलिया पोयल गांव के एक खेत में अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही राजस्व टीम मौके पर पहुंची, जहां एक जेसीबी मशीन से मिट्टी की खुदाई की जा रही थी और दो डंपरों में मिट्टी लदी हुई थी। टीम ने संबंधित लोगों से खनन की अनुमति और अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन कोई भी वैध अभिलेख नहीं दिखाया जा सका। इसके बाद टीम ने आसपास के क्षेत्र में भी निरीक्षण जारी रखा। जांच के दौरान चौतीसा गांव के समीप एक अन्य खेत के किनारे एक और जेसीबी तथा एक डंपर खड़ा मिला। यहां भी खनन कार्य से संबंधित कोई वैध अनुमति या कागजात उपलब्ध नहीं थे। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों जेसीबी और तीनों डंपरों को कब्जे में लेकर गोला तहसील परिसर पहुंचाया और उन्हें सीज कर दिया। अधिकारियों ने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुसार अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। बिना वैध अनुमति के खनन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं क्षेत्र के कई ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से अवैध खनन की गतिविधियां चल रही हैं। उनका आरोप है कि समय-समय पर कार्रवाई तो होती है, लेकिन इसके बाद फिर से अवैध खनन शुरू हो जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि केवल छापेमारी तक सीमित रहने के बजाय नियमित निगरानी और स्थायी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।