Prayagraj : कानून के रखवालों पर ही जब कानून टूटने लगे तो

Prayagraj : कानून के रखवालों पर ही जब कानून टूटने लगे तो सवाल पूरे सिस्टम पर खड़े होते हैं। बारा थाना क्षेत्र में ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एंटी करप्शन टीम ने सुनियोजित ऑपरेशन के तहत थाना प्रभारी को 75 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया। इस कार्रवाई ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। सूत्रों के मुताबिक, एक मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगाने के नाम पर थाना प्रभारी विनोद सोनकर द्वारा आरोपी पक्ष से मोटी रकम की मांग की जा रही थी। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर एंटी करप्शन टीम ने पहले पूरे मामले की गोपनीय जांच की और आरोपों की पुष्टि होने पर जाल बिछाया। तय रणनीति के तहत जैसे ही इंस्पेक्टर ने अपने आवास पर 75 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने तुरंत दबिश देकर उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से रिश्वत की रकम सहित कई अहम साक्ष्य भी जब्त किए हैं। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही पुलिस विभाग में खलबली मच गई और उच्चाधिकारियों ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल रिपोर्ट तलब कर ली है। आरोपी इंस्पेक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है, वहीं उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई के साथ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।