Bansgaon Sandesh
Login

डीएम इंद्रजीत सिंह ने दरियापुर लेबर अड्डे का किया निरीक्षण, श्रमिकों से

डीएम इंद्रजीत सिंह ने दरियापुर लेबर अड्डे का किया निरीक्षण, श्रमिकों से की बातचीत सुलतानपुर। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने सोमवार को दरियापुर ओवरब्रिज के नीचे स्थित लेबर अड्डे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद श्रमिकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुविधाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने श्रमिकों को शासन की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी। दरअसल, श्रमिकों को एक स्थान पर एकत्रित कर उन्हें रोजगार के साथ-साथ स्वास्थ्य, सुरक्षा और श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुछ माह पहले दरियापुर ओवरब्रिज के नीचे लेबर अड्डा बनाया गया था। हालांकि, लेबर अड्डा बनाए जाने के बाद भी बड़ी संख्या में श्रमिक शाहगंज चौराहे पर ही काम की तलाश में जुटते रहे। श्रमिकों के पुराने ठिकाने को देखते हुए अब प्रशासन ने दरियापुर स्थित लेबर अड्डे का दोबारा संचालन शुरू कराया है। प्रशासन की मंशा है कि कामगार श्रमिक एक निर्धारित स्थान पर एकत्रित हों, जिससे उन्हें रोजगार के साथ-साथ सरकारी योजनाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जा सके। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रमिकों से सीधे संवाद किया और उन्हें श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों की ओर से बताया गया कि आने वाले दिनों में यहां श्रमिकों का पंजीकरण कराया जाएगा और उन्हें विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। श्रमिकों के स्वास्थ्य को लेकर मेडिकल कैंप लगाए जाने की भी व्यवस्था की जा रही है। इन शिविरों में एक्स-रे मशीन, मोबाइल एंबुलेंस और मोबाइल मेडिकल यूनिट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी है। प्रशासन का उद्देश्य लेबर अड्डे को एक ऐसे स्थायी श्रमिक केंद्र के रूप में विकसित करना है, जहां काम की तलाश में आने वाले श्रमिकों को रोजगार संबंधी जानकारी के साथ स्वास्थ्य जांच, पंजीकरण और सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिल सके।

0 likes
0 comments0 shares