गोरखपुर में "नक्शा" परियोजना की समीक्षा, 61 वार्डों में होगा आधुनिक डिजिटल

गोरखपुर में "नक्शा" परियोजना की समीक्षा, 61 वार्डों में होगा आधुनिक डिजिटल सर्वे गोरखपुर। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना *NAKSHA* की प्रगति की समीक्षा हेतु शुक्रवार को गोरखपुर नगर निगम के अर्बन फैसिलिटेशन सेंटर स्थित सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश भूस्थानिक निदेशालय/सर्वे ऑफ इंडिया के निदेशक श्री डी.एन. पाठक ने की। बैठक में नगर आयुक्त अजय जैन, गोरखपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल, अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार, नवागत अपर नगर आयुक्त सीमा पांडे, अधिशासी अभियंता अशोक भाटी, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी राकेश सोनकर सहित कार्यक्रम की फील्ड टीमें उपस्थित रहीं। यह परियोजना डिजिटल इंडिया भूमि अभिलेख आधुनिकीकरण कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में राजस्व परिषद के निर्देशन में संचालित की जा रही है, जिसमें भारतीय सर्वेक्षण विभाग तकनीकी सहयोगी की भूमिका निभा रहा है। बैठक में बताया गया कि गोरखपुर नगर निगम के 61 वार्डों में लगभग 135 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल का हवाई सर्वेक्षण पूरा किया जा चुका है। प्रथम चरण में 58 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र का जमीनी सर्वे रोवर और टैबलेट उपकरणों की सहायता से किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम और जिला प्रशासन के सहयोग से कुल 26 टीमें मैदान में उतारी जाएंगी। सेटेलाइट एवं *CORES* नेटवर्क आधारित यह आधुनिक सर्वे नगरीय क्षेत्रों में सटीक अभिलेख तैयार करने, बेहतर कर व्यवस्था लागू करने तथा शहरी सुविधाओं के आधुनिकीकरण और प्रभावी नगरीय नियोजन में अहम भूमिका निभाएगा। बैठक के दौरान नगर निगम की फील्ड टीमों ने क्षेत्रीय स्तर पर आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों और प्रशिक्षण संबंधी समस्याओं को भी रखा। निदेशक डी.एन. पाठक ने सभी तकनीकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। समीक्षा बैठक में हवाई सर्वेक्षण, फीचर एक्सट्रैक्शन, डिजिटलीकरण, फील्ड सर्वेक्षण, ग्राउंड ट्रुथिंग, प्रशिक्षण तथा उपकरण संचालन समेत *NAKSHA* कार्यक्रम के विभिन्न चरणों की प्रगति, रणनीतियों और चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।