_सेवा संकल्प अभियान के तहत ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता संपन्न, छात्राओं ने बिखेरी

_सेवा संकल्प अभियान के तहत ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता संपन्न, छात्राओं ने बिखेरी प्रतिभा_ बल्दीराय (सुलतानपुर)।बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। यह आयोजन खण्ड शिक्षा अधिकारी शिव शंकर मिश्रा के निर्देशन में संपन्न हुआ। प्रतियोगिताओं में भाषण, सामान्य ज्ञान, चित्रकला, रंगोली और नुक्कड़ नाटक जैसी विधाओं में ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। भाषण प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बल्दीराय की छात्रा अंशिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रंगोली प्रतियोगिता में कम्पोजिट विद्यालय हेमनापुर की छात्राओं ने बाजी मारी, जबकि नुक्कड़ नाटक में कम्पोजिट विद्यालय पाण्डेयपुर की प्रस्तुति ने सबका मन मोह लिया। चित्रकला प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय डेहरियावां की छात्रा ने प्रथम स्थान हासिल किया। कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में खण्ड विकास अधिकारी विमलेंद्र चतुर्वेदी, बाल विकास परियोजना अधिकारी फूल कुमार गौतम, चिकित्सा प्रभारी डॉ. राजेश प्रजापति, प्रधानाध्यापक करूणा शंकर पाठक और संदीप पांडेय शामिल रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख एवं जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिवकुमार सिंह रहे। उनके साथ समाजसेवी मनीषा पाण्डेय, मंडल अध्यक्ष विशाल जायसवाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। छात्रों को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख शिवकुमार सिंह ने कहा कि विद्यार्थी ही भारत के भविष्य हैं। सभी बच्चे भारतीय संस्कृति को अपनाते हुए विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें। कार्यक्रम की नोडल प्रभारी संदीप पांडेय ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से ही सफलता मिलती है। समाजसेवी मनीषा पाण्डेय और मंडल अध्यक्ष विशाल जायसवाल ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी और कहा कि जो विद्यार्थी इस बार स्थान नहीं पा सके, वे निराश न हों, बल्कि अपनी प्रतिभा को निखारते रहें, ताकि अगली बार सफलता प्राप्त कर सकें।