इसरो में केआईपीएम के 11 छात्रों का चयन सहजनवा गोरखपुर तकनीकी शिक्षा
इसरो में केआईपीएम के 11 छात्रों का चयन सहजनवा गोरखपुर तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए केआईपीएम कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, गीडा, गोरखपुर के लिए एक बार फिर गौरव का क्षण है। संस्थान के तीन और विद्यार्थियों का चयन प्रतिष्ठित यू. आर. राव सैटेलाइट सेंटर (URSC), भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO), बेंगलुरु के इंटर्नशिप कार्यक्रम में हुआ है। इस नवीन उपलब्धि के साथ वर्ष 2026 में ISRO-URSC इंटर्नशिप कार्यक्रम के लिए चयनित केआईपीएम छात्रों की कुल संख्या 11 हो गई है, जो संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं तकनीकी दक्षता को दर्शाती है। चयनित विद्यार्थियों में श्री विवेक सिंह (तृतीय वर्ष, मैकेनिकल इंजीनियरिंग), श्री अखिलेश चौहान (तृतीय वर्ष, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग) तथा सुश्री श्वेता चौबे (तृतीय वर्ष, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग) शामिल हैं। इन विद्यार्थियों को इसरो के प्रमुख अनुसंधान एवं उपग्रह विकास केंद्र में कार्य करने तथा अंतरिक्ष विज्ञान एवं उन्नत प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026 में अब तक केआईपीएम कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के कुल 11 विद्यार्थियों का चयन यूआरएससी, बेंगलुरु के इंटर्नशिप कार्यक्रम में हो चुका है। यह उपलब्धि संस्थान की गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान संस्कृति तथा विद्यार्थियों के निरंतर परिश्रम का परिणाम है। संस्थान के चेयरमैन ई. आर. डी. सिंह ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां अन्य छात्रों को भी उच्च लक्ष्य निर्धारित करने और राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित संस्थाओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने कहा कि केआईपीएम सदैव विद्यार्थियों को तकनीकी उत्कृष्टता एवं नवाचार के लिए प्रोत्साहित करता रहा है। संस्थान की प्रबंधक श्रीमती सुनीता सिंह एवं प्रबंध निदेशक श्री विनोद कुमार सिंह ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं निदेशक इंजीनियरिंग डॉ. मोहम्मद जाहिद रियाज़ खान ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता संस्थान में उपलब्ध शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन का प्रतिफल है। ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट इंचार्ज श्री नितेश कुमार जायसवाल ने बताया कि संस्थान के विद्यार्थी लगातार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के इंटर्नशिप कार्यक्रमों में चयनित होकर केआईपीएम का नाम गौरवान्वित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसरो जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में इंटर्नशिप का अवसर विद्यार्थियों के करियर विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। केआईपीएम परिवार की ओर से सभी चयनित विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं।