रुद्रपुर के पिडरा में छुट्टा सांड बना काल, किसान की सींगों के

रुद्रपुर के पिडरा में छुट्टा सांड बना काल, किसान की सींगों के हमले में दर्दनाक मौत देवरिया/रुद्रपुर। रुद्रपुर तहसील क्षेत्र के पिडरा गांव में एक दुखद घटना सामने आई है। गांव के किसान तेजबहादुर साहनी की छुट्टा सांड के हमले में दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसान तेजबहादुर साहनी अपने दैनिक कार्य में व्यस्त थे, तभी अचानक एक छुट्टा सांड ने उन पर हमला कर दिया। सांड ने अपनी सींगों से कई बार वार किया, जिससे किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू की। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ रही छुट्टा पशुओं की समस्या पर गहरी नाराजगी जताते हुए प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि छुट्टा पशुओं के कारण किसानों की फसलें लगातार बर्बाद हो रही हैं और अब लोगों की जान भी खतरे में पड़ने लगी है। उन्होंने प्रशासन से छुट्टा पशुओं को गौशालाओं में भेजने और गांवों में सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है। किसान तेजबहादुर साहनी के निधन से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग भी की है।